फोटो-24-गांव में छानबीन करती पुलिस मौजूद परिजन व ग्रामीण। स्रोत:पुलिस
-दो माह से बीमार थी कानपुर रेफर करते समय रास्ते में गई जान
-रंजिश में डायल 112 पर दी गई झूठी सूचना, जांच में खुलासा
संवाद न्यूज एजेंसी
अटसू। किशोरी की मौत पर गांव के ही एक व्यक्ति ने डायल 112 पर उसकी हत्या किए जाने की सूचना दे दी। गांव के ही एक व्यक्ति पर खुद की बेटी की हत्या का आरोप लगाया। हालांकि, मौके पर पहुंची पुलिस की प्राथमिक जांच में बीमारी से मौत की बात सामने आई। पुलिस के अनुसार किशोरी करीब दो माह से बीमार थी और उसका अलग-अलग अस्पतालों में इलाज चल रहा था।
ग्राम पृथ्वीपुर निवासी मुकुंद सिंह ने डायल 112 पर सूचना दी कि गांव निवासी अरविंद सिंह ने अपनी बेटी ग्रेसी (14) की हत्या कर दी है। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। छानबीन के बाद परिजन से घटना के बारे में पूछताछ की। जांच में पता चला कि ग्रेसी पिछले करीब दो माह से बीमार चल रही थी। परिजन पहले औरैया के निजी अस्पताल में उसका उपचार करा रहे थे। हालत ज्यादा बिगड़ने पर उसे कानपुर देहात के अकबरपुर स्थित निजी अस्पताल अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
पुलिस के अनुसार, 27 नवंबर को तबीयत अधिक खराब होने पर अस्पताल से किशोरी को कानपुर नगर के लिए रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। इसके बाद परिजन शव लेकर गांव स्थित घर आ गए। पुलिस ने परिजन से इलाज से जुड़े दस्तावेज लेकर उनकी तस्वीरें मोबाइल में सुरक्षित की। साथ ही गांव के लोगों से पूछताछ कर बयान दर्ज किए। इस दौरान पता चला कि विवाद के कारण मुकुंद ने पुलिस को हत्या की झूठी खबर दी थी। कोतवाल विजय बहादुर वर्मा ने बताया कि किशोरी की बीमारी से मौत हुई थी। रंजिश में ग्रामीण ने हत्या की गलत सूचना दी थी।
