कासगंज। पटियाली क्षेत्र में तेहरवीं की दावत से लौट रहे एक अधिवक्ता को रास्ते में घेरकर मारपीट करने के आरोप में पुलिस ने तीन नामजद आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।

नगला मोहन निवासी और पटियाली तहसील में अधिवक्ता के रूप में कार्यरत अनुज कुमार पुत्र रायभान सिंह ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि 23 नवंबर 2026 की रात करीब 9 बजे वह परिचित अरविन्द कुमार के घर से तेहरवीं की दावत खाकर घर लौट रहे थे। जब वह नगला अमीर से राजा का रामपुर रोड पर नगला मोहन निवासी रामौतार के घर के पास पहुंचे तो पहले से घात लगाकर खड़े आरोपी भंवरपाल, रामकुमार उर्फ रन सिंह और उदय सिंह उर्फ प्रदीप निवासी पहरैया थाना राजा का रामपुर जिला एटा ने उन्हें रोक लिया।

आरोप है कि अवैध हथियार व तमंचों से मारपीट की, जिससे अधिवक्ता को काफी चोटें आईं। शोर सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंच गए तो आरोपी जान से मारने की धमकी देकर भाग गए। सीओ अमित कुमार ने बताया कि मामले में तीन आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।



Source link