फोटो-19-टिकट खिड़की पर पसरा सन्नाटा। स्रोत:यात्री
यात्री दूसरे स्टेशनों से टिकट लेने के लिए मजबूर
संवाद न्यूज एजेंसी
कंचौसी। कस्बा स्थित रेलवे स्टेशन पर टिकट वितरण व्यवस्था लगातार चौथे दिन भी प्रभावित रही। कंप्यूटर सिस्टम में खराबी के कारण यात्रियों को टिकट लेने में खासी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। शुक्रवार को रेलवे कर्मचारी सिस्टम को दुरुस्त करने में पूरे दिन जुटे रहे। हालांकि, खराबी दूर नहीं हो सकी।
यात्रियों की सहूलियत के लिए मैनुअल टिकट बनाकर उपलब्ध कराए गए। इससे कुछ यात्रियों को तात्कालिक राहत मिली, पर नियमित व्यवस्था बहाल नहीं हुई। टिकट वितरण बाधित होने का असर दैनिक और दूरदराज के मुसाफिरों पर पड़ा है। कई यात्रियों को मजबूरी में दूसरे रेलवे स्टेशनों से टिकट लेने पड़ रहे हैं। इससे उनका समय बर्बाद हो रहा है और यात्रा में असुविधा झेलनी पड़ रही है।
लगातार चौथे दिन व्यवस्था ठप रहने से यात्रियों में नाराजगी देखी जा रही है। उन्होंने रेलवे अधिकारियों से जल्द सिस्टम ठीक कराकर वितरण सुचारु करने की मांग की है। यात्रियों ने यह भी मांग की कि जब तक कंप्यूटर सिस्टम पूरी तरह ठीक न हो, मैनुअल टिकट जारी रहें। स्टेशन मास्टर सतीश कुमार ने बताया कि सिस्टम खराब होने के कारण मैनुअल टिकट दिए जा रहे हैं।
