
दुल्हन की तरह सजा एटा
– फोटो : अमर उजाला
विस्तार
अयोध्या में भगवान राम की प्राण प्रतिष्ठा के साथ ही एटा में विभिन्न स्थानों पर धूमधाम के साथ कार्यक्रम किए जा रहे हैं। लोग घरों में जहां सुंदरकांड और अखंड रामायण का पाठ कर रहे हैं। वहीं मंदिरों में भी बड़ी एलसीडी स्क्रीन लगाकर प्राण प्रतिष्ठा समारोह का लाइव प्रसारण देखा जा रहा है। विभिन्न स्थानों पर लोग भंडारा कर रहे हैं, तो कई जगह बूंदी और हलवे का प्रसाद वितरित किया जा रहा है। इसके अलावा व्यापारी व चिकित्सक कुछ सुविधाओं को निशुल्क उपलब्ध करा रहे हैं।
जीटी रोड के नीचे स्थित एटा शॉपी के मालिक सौरभ मिश्रा आज के दिन लोगों को एलाइनमेंट की सुविधा निशुल्क उपलब्ध करा रहे हैं। उन्होंने बताया कि बचपन में पिताजी के साथ कार सेवा में भाग लेते समय पुलिस ने हिरासत में लिया था। उस समय जिला मुख्यालय पर जवाहरलाल नेहरू डिग्री कॉलेज में अस्थाई जेल में रखा गया था। उस पीड़ा को हमने झेला है। आज जब रामलला जन्म भूमि पर प्रतिष्ठित हुए हैं, तो हमें भी उनके लिए कुछ करने का मौका मिला है। इसके लिए हम चार पहिया वाहनों का एलाइनमेंट निशुल्क कर रहे हैं।
