विकास कार्यों में ही नहीं मुरादाबाद मंडल के जिले आईजीआरएस पोर्टल पर आने वाली शिकायतों के निस्तारण में भी पिछड़ गए हैं। जनसुनवाई में बिजनाैर की हालत सबसे खराब मिली है। सीएम डैश बोर्ड पर जारी जनसुनवाई की रैंकिंग में बिजनाैर 60 वें स्थान पर है।
मुरादाबाद 27 वें और संभल 24 और अमरोहा 18 वें स्थान पर है। हालांकि इस मामले में रामपुर एक नंबर पर है। विभागों में सुनवाई न होने या शिकायतों की अनदेखी करने पर शासन ने आम लोगों की सुविधा के लिए आईजीआरएस पोर्टल सेवा शुरू की है। इस पोर्टल पर शिकायतें दर्ज कराई जाती हैं।
पोर्टल पर आईं शिकायतों को संबंधित विभागों को भेजकर इसका निस्तारण भी कराया जाता है। निस्तारण भी पोर्टल पर दर्ज किया जाता है। इसकी माॅनीटरिंग प्रशासन के स्तर पर होती है। सीएम डैश बोर्ड पर विकास कार्यों और राजस्व वसूली की तरह जनसुनवाई की भी रैंकिंग जारी की जाती है।
विकास कार्याें में पिछड़े मंडल में रामपुर को छोड़कर बाकी जिलों की स्थिति जनसुनवाई में भी बहुत बेहतर नहीं है। बिजनाैर की स्थिति सबसे खराब पाई गई है। प्रदेश के 75 जिलों में बिजनाैर 60वें स्थान पर है। जबकि मंडल मुख्यालय मुरादाबाद 27 वें स्थान पर है।
वहीं संभल 24 और अमरोहा 18 वें स्थान पर है। रामपुर को छोड़कर कोई जिला टाॅपटेन में नहीं है। रामपुर जनसुनवाई की रैंकिंग सूची में एक नंबर पर है।
