निजामाबाद तहसील दिवस पर शनिवार को फरियादियों ने अपनी समस्याओं को लेकर प्रार्थना पत्र दिए। इनमें जमीन पर अवैध कब्जे, रास्ता बंद करने और जन्म प्रमाणपत्र न बनने जैसी शिकायतें प्रमुख रहीं। कई फरियादियों का आरोप था कि बार-बार शिकायत करने के बावजूद उनकी समस्याओं का समाधान नहीं हो रहा है।

निजामाबाद थाना क्षेत्र के बनगांव निवासी अशोक कुमार ने बताया कि रास्ते की जमीन पर पड़ोसियों ने जबरन कब्जा कर लिया है। इससे आवागमन में परेशानी हो रही है। इस संबंध में वह पांचवीं बार तहसील में प्रार्थना पत्र दे रहे हैं, लेकिन अब तक समस्या का समाधान नहीं हुआ।

इसी तरह सिकहुला गांव निवासी सुदामी देवी पत्नी विनोद ने आरोप लगाया कि उनके घर के सामने की जमीन पर कुछ लोगों ने कब्जा कर लिया है। जमीन खाली कराने के लिए कई बार प्रार्थना पत्र देने के बावजूद सुनवाई नहीं हो रही है।

वहीं, रसूलपुर माफी निवासी विशाल कुमार ने बताया कि दो वर्ष से कम उम्र के बच्चे का जन्म प्रमाणपत्र बनवाने के लिए वह दो महीने से तहसील के चक्कर काट रहे हैं, लेकिन अब तक प्रमाणपत्र नहीं बन सका है।

सोढ़री गांव निवासी सुरेंद्र पुत्र अवध नारायण ने पोखरी की जमीन पर अवैध कब्जे की शिकायत की। उनका आरोप है कि कई बार प्रार्थना पत्र देने के बाद भी जमीन को कब्जामुक्त नहीं कराया गया। उधर, राजथरिया गांव की एक महिला ने भी अपनी जमीन पर जबरन कब्जे की शिकायत करते हुए न्याय की गुहार लगाई।

महिला का आरोप है कि उनके नंबर की जमीन पर कुछ लोगों ने कब्जा कर लिया है और खाली नहीं कर रहे हैं। तहसील दिवस पर पहुंचीं इन शिकायतों ने भूमि विवादों के निस्तारण और राजस्व विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े किए। फरियादियों ने संबंधित अधिकारियों से मौके पर जांच कराकर समस्याओं का समाधान कराने की मांग की।



Source link