ठंडी हवाओं और वातावरण में नमी कम होने का असर त्वचा पर दिखने लगा है। हाथ-पैरों में रूखापन, खुजली और एड़ियों के फटने जैसी समस्याएं बढ़ रही हैं। जिला अस्पताल की ओपीडी में इन दिनों प्रतिदिन 20 से 25 मरीज इस तरह की शिकायत लेकर पहुंच रहे हैं।

त्वचा रोग विशेषज्ञ डॉ. पूनम कुमारी ने बताया कि सर्दियों में ड्राई स्किन और एक्जिमा की समस्या बढ़ सकती है। वहीं, पहले से सोरायसिस से पीड़ित लोगों में भी इसके लक्षण उभर सकते हैं। ठंड के संपर्क में आने से कुछ लोगों की हाथ-पैर की उंगलियों में सूजन, खुजली और लालिमा होने लगती है।

इसके अलावा होंठ फटना और एड़ियों में दरारें पड़ना भी आम समस्या है। ठंड में त्वचा की नमी कम होने से रूखापन और खुजली की समस्या बढ़ जाती है। खासकर महिलाओं को त्वचा की नियमित देखभाल करनी चाहिए। नहाने और हाथ धोने के बाद मॉइस्चराइजर लगाना चाहिए। बिना चिकित्सकीय सलाह के दवायुक्त क्रीम का इस्तेमाल न करें।

00

सर्दियों में होने वाली त्वचा संबंधी प्रमुख समस्याएं-

– ड्राई स्किन: त्वचा में रूखापन, खिंचाव और पपड़ी निकलना।

– एक्जिमा: खुजली, लालिमा और त्वचा में सूजन।

– सोरायसिस: त्वचा पर मोटी और पपड़ीदार परतें बनना।

– चिलब्लेंस: ठंड के कारण उंगलियों में सूजन और खुजली।

– कॉन्टैक्ट डर्मेटाइटिस: साबुन और डिटर्जेंट के संपर्क से जलन व लालिमा होना।

00

ऐसे करें त्वचा का बचाव-

– नहाने के लिए गुनगुने पानी का इस्तेमाल करें।

– नहाने और हाथ धोने के बाद मॉइस्चराइजर लगाएं।

– बर्तन और कपड़े धोते समय दस्ताने पहनें।

– हल्के और खुशबू रहित साबुन का इस्तेमाल करें।

– होंठों पर लिप बाम और एड़ियों पर मॉइस्चराइजिंग क्रीम लगाएं।



Source link