Azamgarh News: आजमगढ़, वरिष्ठ संवाददाता। घरेलू हिंसा से महिलाओं का संरक्षण अधिनियम के तहत आजमगढ़ की फास्ट ट्रैक कोर्ट की न्यायिक मजिस्ट्रेट आस्था द्विवेदी ने महत्वपूर्ण फैसला सुनाते हुए पत्नी को जर्जर और असुरक्षित आवास में रखना आर्थिक एवं मानसिक प्रताड़ना माना है। पीड़िता बिंदुमति यादव निवासी थाना कंधरापुर, आजमगढ़ का विवाह 23 नवंबर 2010 को संतोष कुमार यादव निवासी थाना मुबारकपुर, आजमगढ़ के साथ हुआ था। पीड़िता का आरोप था कि शादी के बाद से ही दहेज की मांग को लेकर उन्हें शारीरिक, मानसिक और आर्थिक रूप से प्रताड़ित किया गया। जिसके कारण जुलाई 2012 में उन्हें मायके जाने के लिए मजबूर होना पड़ा।
Ambedkar Nagar News: 18 साल का बकाया भरण-पोषण 36 किस्तों में देने का आदेश
इस मामले में दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद अदालत ने पति को आदेश दिया कि वह पीड़िता को मानसिक और भावनात्मक प्रताड़ना के लिए 90 दिनों के भीतर एक लाख रुपये भुगतान करे। 30 दिनों के भीतर बिजली, पानी और अन्य बुनियादी सुविधाओं से युक्त आवास देना होगा। ऐसा नहीं करने पर 5,000 रुपये प्रतिमाह किराया देना होगा। 60 दिनों के भीतर पत्नी के सभी आभूषण और निजी सामान लौटाने होंगे। पति भविष्य में किसी भी प्रकार की शारीरिक, मानसिक, मौखिक या आर्थिक हिंसा नहीं करेगा। फैमिली कोर्ट द्वारा निर्धारित 15,000 रुपये मासिक भरण-पोषण यथावत जारी रहेगा।अदालत ने टिप्पणी की कि केवल सिर पर छत उपलब्ध करा देना पर्याप्त नहीं है। पत्नी को सुरक्षित आवास और सम्मानजनक जीवन देना भी पति की कानूनी जिम्मेदारी है। साथ ही शिक्षित होना महिला की आर्थिक आत्मनिर्भरता का प्रमाण नहीं माना जा सकता।
