थाना क्षेत्र के महुवार गांव में रास्ते में गाड़ी से युवक का पैर कुचलने और विरोध करने पर मारपीट व जान से मारने की धमकी देने के मामले में पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। महुवार निवासी रिंकू सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 26 नवंबर की सुबह करीब आठ बजे उनका पुत्र बलवीर सिंह अपने बड़े चाचा को स्टेशन छोड़कर घर लौट रहा था। रास्ते में वनशक्ति के पास दिवाकर सिंह ने उसके पैर पर गाड़ी चढ़ा दी। विरोध करने पर आरोपी गाड़ी से उतरा और कई थप्पड़ मारे। साथ ही चाकू दिखाकर ज्यादा बोलने पर जान से मारने की धमकी दी।
आरोप है कि इसके बाद दिवाकर सिंह, सुधीर सिंह, धरमजीत सिंह और ध्यानचंद सिंह घर पहुंचे और रिंकू सिंह के पति सनोज सिंह को लाठी-डंडों से पीट दिया।
मारपीट में उनके सिर पर गंभीर चोट आई। घटना के बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। तहरीर के आधार पर पुलिस ने महुवार निवासी दिवाकर सिंह, सुधीर सिंह, धरमजीत सिंह और ध्यानचंद सिंह के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की है। थानाध्यक्ष राकेश रोहन सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।
