कैसरगंज। मिशन रोजगार अभियान के तहत शुक्रवार को विकास खंड परिसर कैसरगंज में विधानसभा क्षेत्र स्तरीय रोजगार मेले का आयोजन किया गया। इसमें निजी क्षेत्र की 19 कंपनियों ने 485 अभ्यर्थियों का साक्षात्कार लिया। इनमें 310 अभ्यर्थियों को द्वितीय चरण के लिए चयनित किया गया। चयनित युवाओं को अतिथियों ने जॉब ऑफर लेटर वितरित किए।
कार्यक्रम का शुभारंभ ब्लॉक प्रमुख कैसरगंज संदीप सिंह, ब्लॉक प्रमुख मिहींपुरवा सौरव वर्मा समेत अन्य अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। अतिथियों ने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार युवाओं को रोजगार व स्वरोजगार से जोड़ने के लिए विभिन्न योजनाएं चला रही हैं। युवाओं को अपनी योग्यता के अनुसार इन अवसरों का लाभ उठाना चाहिए।
जिला सेवायोजन अधिकारी संजय कुमार ने सेवायोजन पोर्टल और रोजगार संगम पोर्टल की जानकारी देते हुए युवाओं को पंजीकरण के लिए जागरूक किया। मेले में लीड बैंक की ओर से प्रदर्शनी स्टाल लगाकर विभागीय योजनाओं की जानकारी दी गई और पंजीकरण भी किया गया।
कार्यक्रम का संचालन अमित पांडेय ने किया। इस अवसर पर बीडीओ सुरेश प्रसाद गौतम, विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राएं, अभ्यर्थी और उनके परिजन मौजूद रहे।
