Ghaziabad News: 2 पत्नियों के बीच फंसा राम लखन का शव, अंतिम संस्कार पर अड़ा विवाद; वजह हैरान कर देगी

राम लखन की मौत के बाद खुली दूसरी शादी की पोल.

Ghaziabad News: गाजियाबाद के खोड़ा थाना क्षेत्र में एक शख्स की मौत के बाद ऐसा विवाद खड़ा हो गया है कि उसका शव अंतिम संस्कार के इंतजार में पड़ा है. मृतक की दो पत्नियां अपने चार बच्चों के भविष्य और अधिकारों को लेकर आमने-सामने हैं. दोनों ने पति के परिवार पर इलाज में लापरवाही बरतने और उसे स्लो पॉइजन देकर हत्या करने का शक जताया है. उनका कहना है कि जब तक परिवार के लोग मौके पर नहीं आएंगे और बच्चों के भरण-पोषण व संपत्ति में उनके अधिकार को लेकर जिम्मेदारी तय नहीं होगी,
तब तक अंतिम संस्कार नहीं किया जाएगा.

लंबी बीमारी के बाद अस्पताल में हुई मौत

मामला खोड़ा थाना क्षेत्र के नवनीत विहार का है. यहां रहने वाले राम लखन (35) की दिल्ली के एक अस्पताल में मौत हो गई. बताया जा रहा कि वह पिछले डेढ़ से दो महीने से अपनी मां और बहनों के साथ दिल्ली में रह रहा था. राम लखन लंबे समय से बीमार था और इसी बीमारी के चलते उसकी मौत हुई. आरोप है कि मौत के बाद उसके परिवार के लोग शव को अस्पताल में ही छोड़कर चले गए. बाद में उसकी पत्नी कोमल को सूचना देकर बुलाया गया और शव उसे सौंप दिया गया.

ये भी पढ़ें- ताजमहल में बंदरों का आतंक! कभी छीनते हैं सामान तो कभी करते हैं हमला, पर्यटकों में डर- Video

2007 में पहली और 2021 में की थी दूसरी शादी

राम लखन की मौत के बाद उसकी दो शादियों का मामला सामने आया. उसकी पहली शादी 2007 में कानपुर की रहने वाली नीलम से हुई थी. दोनों के दो बच्चे हैं. इसके बाद राम लखन ने 2021 में फर्रुखाबाद की रहने वाली कोमल (24) से दूसरी शादी कर ली. बताया जा रहा कि उसने दूसरी शादी की जानकारी पहली पत्नी नीलम और अपने परिवार को नहीं दी थी. कोमल से भी राम लखन के दो बच्चे हैं. इस तरह उसकी मौत के बाद चार बच्चों के भविष्य को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं.

परिवार स्लो पॉइजन देने का शक

राम लखन की मौत के बाद दोनों पत्नियों ने उसके परिवार पर गंभीर आरोप लगाए हैं. उनका कहना है कि परिवार के लोगों ने समय रहते उसका सही इलाज नहीं कराया. दोनों को उसकी मौत की परिस्थितियों पर भी संदेह है. उन्हें शक है कि राम लखन को स्लो पॉइजन देकर मार दिया गया. उन्होंने इस मामले में हत्या का मुकदमा दर्ज करने और परिवार के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है.

बच्चों के भरण-पोषण और संपत्ति में हक की मांग

दोनों पत्नियों की मांग है कि राम लखन के परिवार के लोग मौके पर पहुंचकर उसकी मौत की पूरी जानकारी दें. साथ ही चारों बच्चों के भरण-पोषण की जिम्मेदारी तय की जाए और उन्हें संपत्ति में उनका कानूनी अधिकार दिलाया जाए. इसके अलावा दोनों ने दूसरी शादी और पहली शादी की जानकारी छिपाने के मामले में भी परिवार के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है.

मांग पूरी होने तक अंतिम संस्कार से इनकार

फिलहाल दोनों पत्नियां अपने परिजनों के साथ राम लखन के शव के पास मौजूद हैं. उनका साफ कहना है कि जब तक प्रशासन पूरे परिवार को मौके पर नहीं बुलाता, बच्चों के भविष्य और संपत्ति में उनके अधिकार को लेकर जिम्मेदारी तय नहीं होती और लगाए गए आरोपों पर कार्रवाई नहीं होती, तब तक वे शव का अंतिम संस्कार नहीं करेंगी. राम लखन की मौत के बाद अब दो पत्नियों और चार बच्चों के अधिकारों को लेकर विवाद गहराता जा रहा है.

जितेन्द्र कुमार शर्मा

जितेन्द्र कुमार शर्मा

साल 2002 से क्राइम और इन्वेस्टिगेशन रिपोर्टिंग का अनुभव। नवभारत टाइम्स, अमर उजाला, शाह टाइम्स के अलावा टीवी मीडिया में BAG Films के नामी शो सनसनी और रेड अलर्ट में काम किया। उसके बाद न्यूज 24, इंडिया टीवी में सेवाए दी और टीवी 9 भारतवर्ष के साथ सफर जारी है।

Read More



Source link

अभी अभी की खबरें