= ढाई साल पहले किया था प्रेम विवाह, पुलिस ने फॉरेंसिक टीम के साथ की जांच

संवाद न्यूज एजेंसी

पुरवा। भूपतिपुर गांव में महिला का घर के कमरे में छत में लगे कुंडे में दुपट्टे के फंदे से लटका मिला। छत पर बेटी को खिला रहा पति जब नीचे आया तब पता चला। पुलिस ने जांच कर शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।

कोतवाली के गांव भूपतिपुर निवासी अंशू (25) बुधवार दोपहर बाद घर में काम कर रही थी। पति अंकित के मुताबिक वह पांच माह की बेटी को लेकर छत पर खिला रहा था। शाम करीब चार बजे जब वह नीचे आया तो देखा अंशू का शव फंदे पर लटक रहा है।

पति की सूचना पर पुलिस व फॉरेंसिक टीम के साथ पहुंच जांच की। अंकित ने बताया कि उसने ढाई साल पहले असोहा थानाक्षेत्र के गांव बरेला निवासी अंशू से प्रेम विवाह किया था। वह दिल्ली में मजदूरी करता था, बेटी के जन्म होने पर पांच महीने पहले ही घर आया था। तब से यहीं था। बताया कि मृतका के घर वालों को सूचना दी गई है। कोतवाल भवन सिंह मौर्य ने बताया कि पति ने आत्महत्या की तहरीर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।



Source link