Three vehicles, including a JCB, seized while engaged in sand mining

फेफना थाना क्षेत्र के थमहनपुरा के हसनपुरा स्थित छाड़न घाट पर खनन करते पकड़े गए जेसीबी और ट्रैक

फेफना। कटान और रेड जोन की संवेदनशीलता को ताक पर रखकर जारी अवैध बालू खनन के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। बृहस्पतिवार देर रात करीब दो बजे एसडीएम सदर अतुल कुमार सिंह और सीओ सदर अक्षय कुमार ने पुलिस व राजस्व टीम के साथ फेफना थाना क्षेत्र के छाड़न घाट पर अचानक छापेमारी की। इस दौरान मौके से बालू खनन में लगी एक जेसीबी और दो ट्रैक्टर-ट्रॉली (एक बालू लदी व एक खाली) पकड़ी गईं, जिन्हें सीज कर दिया गया।


सीओ सदर अक्षय कुमार ने बताया कि फेफना थाना क्षेत्र की ग्राम पंचायत थमहनपुरा के हसनपुरा स्थित छाड़न घाट पर अवैध बालू खनन की सूचना मिली थी। मुखबिर से मिली जानकारी को गंभीरता से लेते हुए सदर उपजिलाधिकारी अतुल कुमार सिंह के साथ संयुक्त रूप से रात करीब दो बजे मौके पर दबिश दी गई।

टीम को अचानक देखते ही अवैध खनन में जुटे लोगों में अफरा-तफरी मच गई और कई लोग मौके से भाग निकले। पुलिस व राजस्व टीम ने मौके से एक जेसीबी और दो ट्रैक्टर-ट्रॉली को कब्जे में ले लिया। सीज किए गए तीनों वाहनों के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

आधी रात की इस त्वरित कार्रवाई से अवैध खनन में लिप्त तत्वों में हड़कंप मच गया है। प्रशासनिक अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि अवैध बालू खनन के विरुद्ध यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।



Source link