बलिया। ऐतिहासिक ददरी मेला अब धीरे-धीरे पूरी रौनक में आने लगा है। शुक्रवार को मीना बाजार में परिवार के साथ पहुंचे लोगों ने झूलों, खानपान और खरीदारी का आनंद उठाया। बिहार, गाजीपुर, मऊ और देवरिया समेत विभिन्न जिलों से मेलार्थियों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया है। सुबह से ही रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड पर लोगों की भीड़ उतरने लगी। मेले में बढ़ती भीड़ को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था भी मजबूत की जा रही है। नगर पालिका परिषद की ओर से शरारती तत्वों पर नजर रखने के लिए 80 सीसीटीवी कैमरे लगाए जा रहे हैं। वहीं, दुकानदारों को भी बिक्री बढ़ने से रविवार को अच्छी भीड़ की उम्मीद है।
नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष संत कुमार उर्फ मिठाई लाल ने बताया कि बिहार, गाजीपुर, मऊ और देवरिया से लोग मेले में पहुंचने लगे हैं, जिससे मेले की रौनक बढ़ गई है। सुरक्षा के मद्देनजर 80 सीसीटीवी कैमरे लगाए जा रहे हैं। मीना बाजार थाना परिसर में कैमरों की निगरानी के लिए कंट्रोल रूम बनाया गया है।
मेला थाना प्रभारी शिव चंद यादव ने बताया कि मेले के अंदर चार पुलिस चौकियां बनाई गई हैं। इन पर पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। जवानों को मेले में आने वाले लोगों की सहायता करने और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं।
शुक्रवार सुबह से ही रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड पर मेलार्थियों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया। मीना बाजार पहुंचकर लोगों ने झूलों की सवारी की और जलेबी-चाट का स्वाद लिया। दुकानदार मनोहर और पिंटू भाई ने बताया कि पिछले दो दिनों से बिक्री में तेजी आई है। अब रविवार को होने वाली भीड़ को देखते हुए तैयारियां की जा रही हैं। बिहार के छपरा से आए उमेश यादव ने बताया कि वह हर साल ददरी मेला देखने आते हैं। इस बार मेला पहले से बेहतर और व्यवस्थित नजर आ रहा है।
सफाई के लिए दो शिफ्ट में लगाई गई कर्मचारियों की ड्यूटी
ददरी मेले के मीना बाजार में सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने की पहल भी तेज कर दी गई है। सफाई कर्मचारियों की दो शिफ्ट में ड्यूटी लगाई गई है। इसके साथ ही दुकानों के सामने कूड़ेदान रखने का काम शुरू हो गया है। शुक्रवार को ट्रैक्टर से कूड़ेदान मंगवाकर दुकानों के सामने रखवाए गए। नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष संत कुमार उर्फ मिठाई लाल ने बताया कि मेले को साफ-सुथरा रखने के लिए एक कार्यदायी संस्था को ठेका दिया गया है। सफाई कर्मचारियों की ड्यूटी की निगरानी के लिए अलग से कर्मचारियों की तैनाती की गई है।
100 और 200 रुपये के बैग महिलाओं को आ रहे पसंद
मीना बाजार में विभिन्न जनपदों और दूसरे राज्यों से आए दुकानदारों ने अपनी दुकानें सजाई हैं। लखनऊ से आए दुकानदार दिलीप कुमार की बैग की दुकान पर महिलाओं और युवतियों की भीड़ दिखाई दे रही है। यहां बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक के लिए 100 और 200 रुपये की कीमत में अलग-अलग तरह के बैग उपलब्ध हैं। दिलीप कुमार ने बताया कि उनकी दुकान पर डफल शॉपिंग बैग, ढोलक बैग, पलटा बैग, हैंड पर्स, वॉलेट पर्स और स्कूल बैग समेत कई प्रकार के बैग उपलब्ध हैं। सामान दिल्ली से मंगाया जाता है। कुछ बैग हाथ से तो कुछ मशीन से तैयार किए गए हैं। कम कीमत और विभिन्न डिजाइन के कारण महिलाएं इन्हें पसंद कर रही हैं।
तहबाजारी में दोगुनी वसूली का दुकानदार ने लगाया आरोप
मीना बाजार में तहबाजारी वसूली को लेकर भी विवाद सामने आया है। कानपुर से आए दुकानदार नूर आलम ने ठेकेदारों पर निर्धारित दर से दोगुनी तहबाजारी वसूलने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि तहबाजारी की निर्धारित दर 60 रुपये है, लेकिन उनसे 120 रुपये वसूले जा रहे हैं। उन्होंने जबरन भुगतान का दबाव बनाने का भी आरोप लगाया। नूर आलम के मुताबिक, पहले दिन उनसे वर्ष 2024 की पर्ची पर तहबाजारी वसूली गई। उन्हें लकड़ी बाजार की पर्ची भी दी गई, जबकि उनकी दुकान का सामान अलग है। दुकानदार ने इस मामले में जांच कराकर निर्धारित दर से ही तहबाजारी वसूलने की मांग की है।
