Ballias Asif and Aditya shine in the national volleyball team

उप्र अंडर 17 वॉलीबाल टीम में चयनित मो. आसिफ एवं आदित्य राय को नरही में सम्मानित करते पूर्व मंत्

नरही। राष्ट्रीय स्तर पर खेल के मैदान में बलिया के खिलाड़ियों का परचम लहराने का सिलसिला जारी है। गुजरात में 26 से 31 दिसंबर तक आयोजित होने वाली 70वीं राष्ट्रीय विद्यालयी वॉलीबॉल प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने वाली उत्तर प्रदेश की अंडर-17 बालक टीम में जिले के दो खिलाड़ियों मोहम्मद आसिफ और आदित्य राय का चयन हुआ है। दोनों खिलाड़ियों की इस उपलब्धि से जिले के खेल जगत में खुशी की लहर है।


शुक्रवार को नरही में आयोजित खेल महोत्सव के मंच पर प्रदेश सरकार के पूर्व मंत्री उपेंद्र तिवारी ने दोनों खिलाड़ियों को अंगवस्त्र और स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया। उन्होंने खिलाड़ियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि फेफना विधानसभा क्षेत्र के खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रहे हैं। यह पूरे क्षेत्र के लिए गौरव की बात है। इस दौरान वरिष्ठ पत्रकार विनय राय भी मौजूद रहे।

गौरतलब है कि आसिफ और आदित्य राय इसी वर्ष फरवरी में पश्चिम बंगाल में आयोजित सब जूनियर राष्ट्रीय वॉलीबॉल प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश की ओर से प्रतिभाग कर स्वर्ण पदक जीत चुके हैं। दोनों खिलाड़ी सोहांव गांव के निवासी हैं और वर्तमान में स्पोर्ट्स हॉस्टल देवरिया में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। दोनों खिलाड़ियों के चयन पर जिला वॉलीबॉल एसोसिएशन के चेयरमैन अजीत राय, अध्यक्ष डॉ. कुंवर अरुण सिंह, सचिव नीरज राय, निरंजन राय, पवन कुमार राय, रमन श्रीवास्तव, रमेश राय आदि खेल प्रेमियों ने बधाई दी है।



Source link