Payment made to the firm of the ADO Panchayats son

बलरामपुर के गुलरिहा में ​स्थित पंचायत सचिवालय।

महराजगंज तराई। ग्राम पंचायतों में सरकारी धन के इस्तेमाल की पारदर्शिता को लेकर सवाल उठने लगे हैं। विकासखंड तुलसीपुर की ग्राम पंचायत गुलरिहा में पंचायत भवन में पीवीसी कार्य के नाम पर मौर्या ब्रदर्स फर्म को 2,33,464 रुपये का भुगतान किए जाने का मामला सामने आया है। शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि यह फर्म विकासखंड तुलसीपुर में तैनात सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) मानिक राम मौर्य के बेटे से संबंधित है। उन्होंने जिलाधिकारी से मामले की जांच कराने की मांग की है।


शिकायतकर्ता समीउल्लाह, रामनरेश, वदूद, सालिक राम और अब्दुल रहीम ने फर्म के वास्तविक स्वामित्व, भुगतान की प्रक्रिया, कार्य की स्वीकृति और भुगतान से पहले कराए गए सत्यापन की जांच कराने की मांग की है। उनका कहना है कि पंचायत भवन में कराए गए पीवीसी कार्य की वास्तविक स्थिति और गुणवत्ता की भी जांच होनी चाहिए।

ग्राम पंचायत सचिव राम सुरेश ने बताया कि उन्हें जानकारी नहीं थी कि संबंधित फर्म सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) के बेटे की है। वहीं, एडीओ पंचायत मानिक राम मौर्य ने स्वीकार किया कि भुगतान उनके बेटे की फर्म को हुआ है। उन्होंने कहा कि उन्हें इस भुगतान से कोई आपत्ति नहीं है।

खंड विकास अधिकारी मनोज कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि कोई भी कर्मचारी अपने सगे संबंधी की फर्म के नाम पर भुगतान नहीं करवा सकता। मामले की जांच कराई जाएगी।



Source link