उतरौला। बुधवार रात अक्सीबड़हरा के पास हुए सड़क हादसे ने चार गांवों के पांच परिवारों की दुनिया उजाड़ दी। बृहस्पतिवार रात तक अस्पताल में अपनों के पार्थिव शरीर मिलने का इंतजार कर रहे परिजनों के लिए शुक्रवार की सुबह जिंदगी का सबसे दर्दनाक दिन बनकर आई। पोस्टमार्टम के बाद जब पांचों युवकों के पार्थिव शरीर गांव पहुंचे तो घरों में चीख-पुकार मच गई। किसी मां की गोद सूनी हो गई तो किसी पत्नी ने अपना जीवनसाथी खो दिया। कहीं मासूम बच्चे पिता के लौटने का इंतजार कर रहे थे तो कहीं बहनें अपने इकलौते भाई को याद कर बिलख रही थीं। गमगीन माहौल में पांचों युवकों को सुपुर्द-ए-खाक कर दिया गया। एक ही हादसे ने चार गांवों के पांच परिवारों की जिंदगी हमेशा के लिए बदल दी।
बड़हरा खुर्द मजरा गौरियनडीह निवासी सलीम की मौत से परिवार पूरी तरह टूट गया। वह पांच बहनों का इकलौता भाई था। मां जैतून और पांच बहनों की जिम्मेदारी उसी के कंधों पर थी। शुक्रवार सुबह सलीम का पार्थिव शरीर घर पहुंचा तो मां जैतून का कलेजा फट पड़ा। वह बार-बार बेटे को याद कर बिलखती रहीं। उनकी आंखों के सामने बुढ़ापे का सहारा छिन चुका था।
इसी गांव के मोहम्मद फारूक की मौत ने परिवार की उम्मीदें तोड़ दीं। वह परिवार में सबसे बड़ा था। शुक्रवार सुबह उनके पिता फारूक बदहवास नजर आए। उनकी आंखों में बेटे के साथ मिलकर परिवार की जिम्मेदारियां उठाने की उम्मीदें टूटने का दर्द साफ दिखाई दे रहा था। पूरे गांव में मातम पसरा रहा। हर आंख नम थी और हर कोई युवकों की असमय मौत से दुखी नजर आया।
दो छोटे बच्चों को छोड़ गया रहमत, अब किसे बुलाएंगे पापा
चंद्रापुर चिताई निवासी रहमत भी मुंबई में मजदूरी करता था। परिवार को बेहतर जिंदगी देने के लिए वह परदेस में मेहनत करता था। उसके पीछे पत्नी सबीना बानो और दो छोटे बच्चे बेटी पापा व बेटा हसनैन रह गए हैं। पिता की मौत से दोनों बच्चों के सिर से साया उठ गया। पत्नी के सामने अब बच्चों की परवरिश और उनके भविष्य की चिंता के साथ पति को खोने का असहनीय दुख है। शुक्रवार को रहमत का पार्थिव शरीर घर पहुंचा तो परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
बरदही निवासी गुफरान ऑटो चलाकर परिवार का भरण-पोषण करता था। गांव के यासीन ने बताया कि परिवार की जरूरतें पूरी करने वाला गुफरान अब कभी घर नहीं लौटेगा। उसकी मौत से परिवार के सामने भावनात्मक संकट के साथ आर्थिक मुश्किलें भी खड़ी हो गई हैं।
इसी तरह छपरतलवा निवासी तौफीक की मौत ने उसके परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया। वह अपने पीछे मां-पिता, भाई और दो बहनों को छोड़ गए हैं। जिस बेटे और भाई से परिवार को काफी उम्मीदें थीं, उसकी मौत की खबर ने सभी को झकझोर दिया। शुक्रवार सुबह उसका पार्थिव शरीर घर पहुंचा तो परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
युवकों के जनाजे में उमड़ा हुजूम, गौरियनडीह में पसरा मातमी सन्नाटा
उतरौला। सड़क हादसे में जान गंवाने वाले युवकों को बृहस्पतिवार देर रात गमगीन माहौल में सुपुर्द-ए-खाक कर दिया गया। शुक्रवार को बड़हरा कोट के गौरियनडीह गांव में मातमी सन्नाटा पसरा रहा। जिन घरों में कुछ दिन पहले तक रौनक थी, वहां अब अपनों को खोने का गम है। मृतकों के परिजनों को ढांढस बंधाने के लिए रिश्तेदारों और परिचितों के पहुंचने का सिलसिला जारी रहा। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने भी गांव पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया।
हादसे के बाद क्षेत्र में एहतियात बरती जा रही है। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन ने रात दस बजे के बाद दुकानें बंद रखने का निर्देश दिया है। इसके चलते बृहस्पतिवार को बाजार की करीब दस दुकानें बंद रहीं। प्रशासनिक अधिकारी क्षेत्र की गतिविधियों पर नजर बनाए हुए हैं।
उधर, पुलिस ने सड़क सुरक्षा को लेकर वाहन चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के चालान किए गए, जबकि नियमों के विपरीत संचालित कुछ वाहनों को सीज किया गया। पुलिस ने दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट पहनने और बाइक पर तीन सवारी न बैठाने की हिदायत दी।
एक घायल की स्थिति में सुधार, दूसरे का चल रहा इलाज
हादसे में दो युवक घायल हो गए थे। घायलों में मुजम्मिल खान का इलाज अयोध्या के एक निजी अस्पताल में चल रहा है। उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। वहीं, उतरौला के एक निजी अस्पताल में भर्ती नाहिद अली की स्थिति में सुधार है। चिकित्सकों ने शुक्रवार को उन्हें तरल भोजन भी दिया। सीओ डॉ. जितेंद्र कुमार ने बताया कि घायलों की स्थिति में सुधार हो रहा है।

फोटो-21- बलरामपुर के गौरियनडीह गांव में मृतक सलीम के शोकाकुल परिवारजन। संवाद
