1,670 patients received treatment at the Jan Arogya Mela

फोटो-16- प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र जोकहिया में मरीजों से जानकारी लेते सीएमओ। स्रोत विभाग

बलरामपुर। छुट्टी के दिन मरीजों को उपचार की सुविधा उपलब्ध कराने के लिए रविवार को जिले के 35 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेले का आयोजन किया गया। मेले में कुल 1,670 मरीजों का उपचार किया गया। इनमें 706 पुरुष, 721 महिलाएं और 243 बच्चे शामिल रहे। स्वास्थ्य मेले में सर्दी, जुकाम और बुखार से पीड़ित मरीजों की संख्या अधिक रही।


प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र जोकहिया में प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. जावेद अख्तर और डॉ. मोहसिन अली सिद्दीकी ने मरीजों का उपचार किया। दोपहर 12:20 बजे तक यहां 37 मरीजों का उपचार किया जा चुका था। वहीं, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र धर्मपुर में चिकित्साधिकारी डॉ. सूरज पाठक ने मरीजों को देखा। दोपहर 12:10 बजे तक यहां 11 मरीजों का उपचार हो चुका था।

दवा लेने पहुंचीं कमला और रागिनी ने बताया कि उन्हें कई दिनों से जुकाम और बुखार की शिकायत है। नाक बंद होने के कारण सांस लेने में भी दिक्कत हो रही है। चिकित्साधिकारी ने उनकी बीपी जांच की और दवाएं दीं।

मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. मुकेश कुमार रस्तोगी ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र जोकहिया का निरीक्षण कर चिकित्सा सुविधाओं का फीडबैक लिया। उन्होंने अस्पताल में मौजूद मरीजों से संवाद कर स्वास्थ्य सेवाओं के बारे में जानकारी ली। इसके अलावा पीएचसी की लैब, प्रसव कक्ष और वार्ड का भी निरीक्षण किया।

सीएमओ ने बताया कि मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेले के माध्यम से ग्रामीण और दूरदराज के क्षेत्रों के लोगों को उनके नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर ही जांच और उपचार की सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।



Source link