मटौंध थाना क्षेत्र में देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में ट्रैक्टर-ट्रॉली सवार चालक और एक महिला मजदूर की मौत हो गई, जबकि दो अन्य महिलाएं घायल हो गईं। हादसा उस समय हुआ जब पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रेलर ने खड़ी ट्रॉली में जोरदार टक्कर मार दी। बिसंडा क्षेत्र से आए मजदूरों को फसल कटाई के बाद वापस छोड़ने के लिए मटौंध निवासी 48 वर्षीय सेवालाल ट्रैक्टर-ट्राली से जा रहे थे।
रास्ते में कस्बे के पास स्थित एक ढाबे पर मजदूरों के पानी पीने के लिए वाहन रोका गया। इसी दौरान कुछ मजदूर नीचे उतर गए, जबकि बाकी ट्राली में ही बैठे रहे। इसी बीच कबरई की ओर से गिट्टी लादकर आ रहे तेज रफ्तार ट्रेलर ने पीछे से ट्राली में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि चालक सेवालाल और पवई गांव की 35 वर्षीय महिला मजदूर राजकुमारी पत्नी उमाशंकर ट्राली से नीचे गिर पड़े और उनके सिर में गंभीर चोट लगने से मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे में दो अन्य महिला मजदूरों को हल्की चोटें आईं, जिन्हें पुलिस ने जिला अस्पताल भिजवाया। दुर्घटना के बाद ट्रेलर चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। मटौंध थाना प्रभारी दीपेंद्र सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और तहरीर मिलने पर प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फरार चालक की तलाश जारी है।