जिला एवं सत्र न्यायालय से लघु शंका के बहाने पुलिसकर्मी को चकमा देकर फरार हुआ 25 हजार रुपये का इनामी बंदी रविवार रात मुठभेड़ में गिरफ्तार कर लिया गया। मुठभेड़ तिंदवारी थाना क्षेत्र के मिरगहनी पुल से पहले सत्ती माई मंदिर के पास हुई। एसओजी, चिल्ला और तिंदवारी थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने घेराबंदी कर उसे पकड़ा। मुठभेड़ के दौरान बंदी के पैर में गोली लगी। घायल बंदी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
14 अगस्त को मंडल कारागार से न्यायालय में पेशी पर लाया गया बंदी संजय सिंह (32) निवासी खप्टिहा कलां, थाना पैलानी, हवालात में रखा गया था। दोपहर करीब ढाई बजे वह लघु शंका जाने की बात कहकर सुरक्षा में तैनात हेड कांस्टेबल वीर सिंह के साथ बाहर निकला और पुलिसकर्मी को चकमा देकर भाग गया था। करीब ढाई घंटे बाद पुलिस अधिकारियों को उसके भागने की जानकारी दी गई थी। इसके बाद पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी के लिए कई टीमें लगाईं और उस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया।
