बांदा। खेत में जानवर छोड़कर गेहूं की फसल नष्ट करने, मारपीट और रुपये लूटने के आठ वर्ष पुराने मामले में विशेष न्यायाधीश दस्यु प्रभावित क्षेत्र अधिनियम गगन कुमार भारती ने मंगल सिंह और हिमांशु सिंह को दोषमुक्त कर दिया। अदालत ने अभियोजन पक्ष की ओर से पर्याप्त साक्ष्य पेश न किए जाने पर दोनों को बरी किया है।

मामला मटौंध थाना क्षेत्र का है। परिवादी रणविजय सिंह ने आरोप लगाया था कि एक अप्रैल 2018 को मंगल सिंह, हिमांशु सिंह और शीतल सिंह ने खेत में जानवर छोड़ दिए थे। इससे पांच से छह हजार की गेहूं की फसल नष्ट हो गई थी। विरोध करने पर आरोपियों ने मारपीट की। दो अप्रैल को 1150 रुपये छीनने का भी आरोप लगाया गया था।

कोर्ट ने तीनों आरोपियों को तलब किया था। विचारण के दौरान शीतल सिंह की मौत होने पर चार जून 2026 को उनके खिलाफ कार्यवाही समाप्त कर दी गई। सुनवाई के दौरान अदालत को गवाहों के बयानों में विरोधाभास मिला।

इस आधार पर अदालत ने मंगल सिंह और हिमांशु सिंह को आरोपों से दोषमुक्त कर दिया। दोनों को तहत 25-25 हजार रुपये के बंधपत्र और दो विश्वसनीय प्रतिभू दाखिल करने के निर्देश दिए गए हैं।



Source link