उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद के थाना उत्तर इलाके के कोटला चुंगी चौराहे पर मंगलवार देर रात एक सनसनीखेज वारदात से हड़कंप मच गया. अपनी पत्नी को इंटरनेट कैफे की दुकान में प्रेमी के साथ शराब पीते देख कॉलेज संचालक पति ने अपना आपा खो दिया और अपनी लाइसेंसी रिवॉल्वर से अंधाधुंध 5 राउंड फायरिंग कर दी. इस गोलीबारी में पत्नी और उसका प्रेमी दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए
श्रीराम कॉलोनी (मथुरा नगर) निवासी सनी उर्फ शिवा ठाकुर कोटला चुंगी चौराहे पर इंटरनेट कैफे और ई-सेवा की दुकान चलाता है. पीके इंटर कॉलेज के संचालक ऋषभ तैलंग की पत्नी शिप्रा के सनी के साथ काफी समय से प्रेम संबंध थे.
यह भी पढ़ें: सहारनपुर देहात सीट पर कौन मारेगा बाजी? सपा-कांग्रेस गठबंधन बदलेगा पूरा गेम!
दोनों को शराब पीते देख भड़का पति
मंगलवार रात करीब 9 बजे शिप्रा, सनी की दुकान पर पहुंची. दोनों दुकान के भीतर बैठकर शराब पी रहे थे. इसकी भनक लगते ही ऋषभ तैलंग मौके पर पहुंच गया. पत्नी को प्रेमी के साथ जाम छलकाते देख ऋषभ आगबबूला हो गया और अपनी लाइसेंसी रिवॉल्वर निकाल कर दोनों पर गोलियां बरसा दीं. पत्नी शिप्रा को तीन गोलियां लगीं, जबकि प्रेमी सनी को सीने में दो गोलियां लगीं हैं.
सरेराह वारदात से मची भगदड़, आरोपी गिरफ्तार
सरेराह हुई इस ताबड़तोड़ गोलीबारी से बाजार में भगदड़ मच गई और आसपास के दुकानदारों ने तुरंत अपनी दुकानें बंद कर लीं. सूचना मिलते ही सीओ सिटी संतोष कुमार सिंह, थाना उत्तर इंस्पेक्टर रवि त्यागी और थाना रामगढ़ इंस्पेक्टर संजीव दुबे पुलिस बल व फॉरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे.
पुलिस ने तुरंत दोनों घायलों को जिला अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए आगरा रेफर कर दिया. वारदात के बाद मौके पर रिवॉल्वर छोड़कर भागे आरोपी पति ऋषभ तैलंग को पुलिस ने देर रात घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने मौके से घटना में प्रयुक्त लाइसेंसी रिवॉल्वर, कारतूस और अन्य साक्ष्य कब्जे में ले लिए हैं.
10 साल पहले हुई थी शादी, 2 बच्चों का पिता है आरोपी
आरोपी ऋषभ तैलंग कांग्रेस के कद्दावर नेता व पूर्व शहर अध्यक्ष स्वर्गीय पीके तैलंग का पोता है. ऋषभ और शिप्रा की शादी करीब 10 साल पहले हुई थी और उनके दो मासूम बच्चे भी हैं. काफी समय से पति-पत्नी के बीच विवाद चल रहा था, जिसे लेकर पूर्व में सामाजिक पंचायतें और समझौते के प्रयास भी हुए थे.
पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है और घायलों की स्थिति पर नजर बनाए हुए है.
फिरोजाबाद के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है घायलों को ट्रॉमा सेंटर भेजा गया था जहां से उन्हें आगरा मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है आरोपी की तलाश जारी है.
यह भी पढ़ें: आगरा: CEC के आवास पर कांग्रेस के प्रदर्शन के बाद हुआ शुद्धिकरण, माता-पिता ने क्या कहा?
