बांदा। जननी सुरक्षा योजना और फैमिली आईडी की खराब रैंकिंग के लिए स्वास्थ्य विभाग ने बजट की कमी को जिम्मेदार बताया है। शुक्रवार को सीएम डैशबोर्ड की समीक्षा बैठक में मामला सामने आने पर डीएम अमित आसेरी ने मुख्य कोषाधिकारी को जांच कर रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश दिए। रिपोर्ट अगले दिन सीडीओ को सौंपनी होगी।
कलक्ट्रेट सभागार में हुई बैठक में डीएम ने सीएम डैशबोर्ड पर 75 प्रतिशत से कम प्रगति वाले विभागों की योजनाओं की समीक्षा की। प्रधानमंत्री आवास योजना में बबेरू, महुआ और तिंदवारी विकासखंडों में लाभार्थियों को लाभ देने की प्रगति अपेक्षा के अनुरूप नहीं मिली। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) की प्रगति भी संतोषजनक नहीं मिली।
समाज कल्याण विभाग को वृद्धावस्था और विधवा पेंशन के लाभार्थियों की फैमिली आईडी में सुधार करने के निर्देश दिए। लोक निर्माण विभाग से अधूरे संपर्क मार्गों के लंबित कार्यों की परियोजनावार और किलोमीटर के अनुसार रिपोर्ट तत्काल मांगी गई।
