Chitrakoot News: चित्रकूट जिले के मानिकपुर पाठा क्षेत्र से होकर मध्य प्रदेश को जाने वाली बदहाल सड़क की अब तस्वीर बदलना शुरू हो गई है. जानकारी के लिए बता दें कि यह वही सड़क है जो मानिकपुर से मारकुंडी, टिकरिया होते हुए सतना (मध्य प्रदेश) को जोड़ती है. एक समय इस सड़क में बड़े-बड़े गड्ढे हो जाने के कारण लोगों को आवागमन में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता था और लोग मिनटों का सफर घंटों में तय कर पाते थे. कई बार वाहन चालक गड्ढे न दिखाई देने के कारण गिरकर चोटिल भी हो जाते थे, लेकिन अब इस सड़क की तस्वीर करोड़ों रुपये से बदलने वाली है.

10.54 करोड़ की लागत से हो रहा 30.05 किमी सड़क का नवीनीकरण
आपको बता दें कि चित्रकूट के मानिकपुर क्षेत्र में आवागमन को सुगम बनाने के लिए लोक निर्माण विभाग द्वारा मानिकपुर-मारकुंडी-डुड़ैला मार्ग का नवीनीकरण कराया जा रहा है. इस मार्ग के 30.05 किलोमीटर हिस्से के नवीनीकरण के लिए शासन से करीब 10.54 करोड़ रुपये की स्वीकृति मिली है, जिसका कार्य जनवरी 2027 तक पूरा कर लिया जाएगा.

यह मार्ग मानिकपुर से निकलकर मध्य प्रदेश के सतना जिले की सीमा को जोड़ता है. सड़क का नवीनीकरण पूरा होने के बाद मानिकपुर, सरहट, डांडी कोलान, बराहमाफी, जारोमाफी, गोपीपुर, मारकुंडी, डोडामाफी, टिकरिया, मनगवां, बम्बिया, इटवां डुड़ैला, खजुरिहा अहिरान, छोटी पाटिन और बड़ी पाटिन सहित आसपास के गांवों के लोगों को राहत मिलेगी.

राहगीरों ने कहा- अब घंटों का सफर 20-25 मिनट में होगा पूरा
वहीं, इस संबंध में वहां से निकल रहे राहगीर प्रेम सिंह ने लोकल 18 को जानकारी देते हुए बताया कि बरसात के समय से यह रोड पूरी तरह से गड्ढों में तब्दील हो गई थी. इसके बाद से यहां से निकलना जोखिम भरा हो गया था और अपने गंतव्य तक जाने के लिए घंटों लग जाते थे. लेकिन अब सड़क बन जाने के बाद हम लोगों को अपने घर तक पहुंचने में 20 से 25 मिनट ही लगेंगे और आसानी से हम लोग इस सड़क से गुजर सकेंगे. कभी-कभी इस गड्ढे भरी सड़क में बाइक चालक गिरकर घायल होते थे, लेकिन अब सड़क बन जाने के बाद काफी राहत मिलेगी.

ई-रिक्शा चालकों में खुशी, पलटने के डर से मिली मुक्ति
वहीं, ई-रिक्शा लेकर निकल रहे सतीश नामदेव ने लोकल 18 को जानकारी देते हुए बताया कि हम लोग अपने रास्ते में सवारी लेकर निकलते थे, लेकिन सड़क में इतने बड़े-बड़े गड्ढे थे कि कभी-कभी रिक्शा पलटने का भी डर बना रहता था. लेकिन अब सड़क बनने का कार्य शुरू हो गया है और कई जगहों पर सड़क बन भी गई है, जिसके कारण अब हम लोग आसानी से सवारी बैठाकर निकल जाते हैं.

अधिशासी अभियंता ने दी जानकारी
आने वाले समय में यह रोड और अच्छी हो जाएगी और यहां से निकलने वाले किसी भी व्यक्ति को किसी प्रकार की समस्या का सामना नहीं करना पड़ेगा. वहीं, इस संबंध में अधिशासी अभियंता निर्माण खंड अखिलेश कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि इस रोड का काम जनवरी तक पूरा हो जाएगा.



Source link