बांदा। नौकरी के बजाय खुद का कारोबार शुरू करने के इच्छुक युवाओं को उद्यमी बनाने के लिए नाबार्ड ने ग्राम युवा शक्ति अभियान शुरू किया है। इसके तहत युवाओं को स्वरोजगार के लिए मार्गदर्शन देने के साथ बैंक ऋण, सरकारी योजनाओं और बाजार से जोड़ने की पहल की जा रही है।
शनिवार को बांदा कृषि एवं प्रौद्योगिकी विवि के उद्यान महाविद्यालय में आयोजित जिला स्तरीय जागरूकता कार्यक्रम में करीब 250 विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया। नाबार्ड के जिला विकास प्रबंधक संदीप कुमार गौतम ने अभियान के उद्देश्य बताते हुए कृषि अवसंरचना कोष (एआईएफ), स्वयं सहायता समूह (एसएचजी) और किसान उत्पादक संगठन (एफपीओ) की जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि अभियान के माध्यम से इच्छुक युवाओं की उद्यम पाइपलाइन तैयार की जाएगी, ताकि उन्हें अपना कारोबार शुरू करने में मदद मिल सके। जिला उद्योग केंद्र के महाप्रबंधक डॉ. अजय कुमार यादव ने मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान, प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम, ओडीओपी और ओडीओसी योजनाओं की जानकारी दी।
अग्रणी जिला प्रबंधक संगम मिश्रा ने बैंक ऋण प्रक्रिया के बारे में बताया, जबकि उप निदेशक कृषि अभय कुमार यादव ने एसीएबीसी और एफपीओ की उपयोगिता समझाई।
