बांदा। नरैनी थाना क्षेत्र के पनगरा के पास मध्य प्रदेश से बिना अनुमति और पशु चिकित्सा जांच के करीब 250 गोवंश लाए जाने के आरोप में पुलिस ने प्रधान पुत्र समेत 11 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। यह प्राथमिकी विश्व हिंदू महासंघ गौरक्षा के जिलाध्यक्ष महेश कुमार प्रजापति की तहरीर पर दर्ज की गई।

थाना नरैनी में दर्ज प्राथमिकी के अनुसार, महेश कुमार प्रजापति ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि पनगरा के पास मध्य प्रदेश से करीब 250 गोवंश बिना आदेश या अनुमति के बांदा जिले में लाए जा रहे हैं।

तहरीर में आरोप लगाया गया कि मौके पर बिसंडा ब्लॉक की ग्राम पंचायत चौसड़ के ग्राम प्रधान पुत्र कासिम सहित अन्य लोग गोवंशों के साथ मौजूद थे। शिकायतकर्ता के मुताबिक, ग्राम पंचायत सचिव से जानकारी लेने पर उन्होंने बताया कि गोशाला में वर्तमान में मात्र 220 गोवंश संरक्षित हैं और मध्य प्रदेश से गोवंश लाने के लिए उनकी ओर से कोई आदेश जारी नहीं किया गया है।

पुलिस ने मामले में पशुओं के प्रति क्रूरता निवारण अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज की है। इसमें कासिम, हिमालय, श्रवण कुमार विश्वकर्मा, अभिषेक प्रजापति, रामकुमार, आकाश, छत्रपाल, अनुज कुमार, शिवहरी विश्वकर्मा, छोटा यादव निवासीगण गांव चौसड़ और देव शर्मा को नामजद किया गया है।

प्रभारी निरीक्षक संतोष ओझा ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। विवेचना के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।



Source link