Banda News: बांदा, संवाददाता। जिले की चारों विधानसभा क्षेत्रों तिंदवारी, बबेरू, नरैनी और बांदा में मतदाता सूचियों को ठीक करने के लिए विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत आगामी 16 दिसंबर तक सभी मतदान केंद्रों पर दावे और आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी। वहीं, अभियान को गति देने के लिए 21 व 22 नवंबर और 28 व 29 नवंबर को विशेष अभियान की तिथियां निर्धारित की गई हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी अमित आसेरी ने अपील की है कि कोई मतदाता न छूटे के लक्ष्य को सफल बनाने के लिए पात्र नागरिक अपने नाम व विवरण की जांच अवश्य कर लें।

नाम जुड़वाने के लिए प्रारूप-6 और किसी प्रकार के संशोधन के लिए प्रारूप-8 भरकर अपने बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ), मतदान केंद्र या तहसील कार्यालय में जमा करें। इस अभियान में युवा, महिला, दिव्यांग और पहली बार मतदाता बनने वाले युवाओं पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। नागरिक घर बैठे voters.eci.gov.in वेबसाइट या ECINet मोबाइल एप से भी नाम जांच सकते हैं। शुक्रवार को कलेक्ट्रेट परिसर में प्रभारी जिला निर्वाचन अधिकारी ने ईवीएम प्रदर्शन केंद्र का शुभारंभ किया।अतर्रा, पैलानी, नरैनी, बांदा और बबेरू तहसीलों में भी उप जिलाधिकारियों द्वारा प्रदर्शन केंद्र शुरू किए गए हैं। सहायता के लिए कलेक्ट्रेट व जिला निर्वाचन कार्यालय में हेल्प डेस्क तथा जिला संपर्क केंद्र (टोल फ्री नंबर 1950) स्थापित किया गया है, जो सुबह 8 से रात 10 बजे तक सक्रिय रहेगा।





Source link

अभी अभी की खबरें