बरेली के सीबीगंज इलाके में यातायात पुलिस के एक दरोगा व हमराही के साथ बाइक सवार तीन लोगों ने अभद्रता कर दी। दरोगा की तहरीर पर पुलिस ने एक कथित इंजीनियर समेत तीन लोगों के विरुद्ध मामला दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। 

टीएसआई गजेंद्र शर्मा ने रिपोर्ट में जिक्र किया है कि चार मई की सुबह वह होमगार्ड अजीत कुमार के साथ झुमका तिराहा से टूटे हुए बैरियर लेकर पुलिस लाइन में जमा करने आ रहे थे। तभी मीरगंज की तरफ से एक बाइक पर बैठकर तीन लोग आए। हमराह ने उनको रोककर बाइक पर तीन सवारी नहीं बैठाने की हिदायत दी। हमराह के साथ बाइक चालक मान सिंह व सवार अन्य दो लोगों ने अभद्रता की व शाम तक वर्दी उतरवाने की धमकी दी। जब गजेंद्र शर्मा विवाद सुलझाने पहुंचे तो उनके साथ भी अभद्रता की। तब उन्होंने बाइक का एक हजार रुपए का चालान कर दिया।

फोन पर दी धमकी 

आरोप है कि उसी दिन शाम उनके मोबाइल फोन पर कॉल आई कि मैं मानवाधिकार लखनऊ से इंजीनियर योगेंद्र कुमार बोल रहा हूं। तुम्हारी हिम्मत कैसे हुई, मेरे भाई की बाइक का चालान करने की। कथित इंजीनियर ने अशब्द कहे और कहा कि नौकरी करना सिखा दूंगा। भलाई इसी में है कि चुपचाप चालान के पैसे भर दे। यह धमकी दरोगा के मोबाइल में रिकॉर्ड हो गई। दरोगा की तहरीर पर बाइक चालक मानसिंह, इंजीनियर योगेंद्र सिंह व अज्ञात पर मामला दर्ज किया है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *