यूपी के अमेठी में कटरा राजा हिम्मत सिंह निवासी रामपाल के पुत्र आशीष सरोज (24) का शव रविवार सुबह प्रतापगढ़ जिले में बेला देवी मंदिर के पीछे सई नदी किनारे संदिग्ध हालात में पेड़ की डाल से लटका मिला। युवक का शव बैग के सहारे फंदे से लटक रहा था। लोगों ने देखा तो इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
बताया जा रहा है कि आशीष शनिवार को घर से निकला था। इसके बाद रविवार सुबह उसका शव घर से करीब 50 किलोमीटर दूर प्रतापगढ़ में मिला। युवक प्रतापगढ़ कैसे पहुंचा और किन परिस्थितियों में उसकी मौत हुई, इसे लेकर रहस्य बना हुआ है। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। घटनास्थल का निरक्षण करके जांच शुरू की है।
मौके पर फोरेंसिक टीम ने पहुंचकर आसपास के क्षेत्र से साक्ष्य जुटाए। पुलिस युवक के मोबाइल फोन, कॉल डिटेल और हाल के संपर्कों की जानकारी खंगाल रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। पुलिस आत्महत्या और अन्य बिंदुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
घटना की सूचना मिलने पर परिजन भी मौके पर पहुंच गए। बेटे का शव देख परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत की वजह स्पष्ट हो सकेगी।
