बस्ती। कुशीनगर के तमकुहीराज से दिल्ली जा रही दो सगी नाबालिग बहनें अलग-अलग रेलवे स्टेशनों पर मिलीं। छोटी बहन बस्ती और बड़ी बहन गोंडा स्टेशन पर उतर गई थी। आरपीएफ और जीआरपी ने सक्रियता दिखाते हुए दोनों को संरक्षण में लिया।

उन्हें बस्ती के महिला अस्पताल वन स्टॉप सेंटर पहुंचाया गया। चिकित्सा परीक्षण और परामर्श के बाद बुधवार को पुलिस ने उन्हें न्याय पीठ बाल कल्याण समिति के समक्ष पेश किया। समिति के अध्यक्ष प्रेरक मिश्रा ने बताया कि बहनों की उम्र 15 और 11 वर्ष है। पुलिस के अनुसार, सोमवार को वे एक कथित युवक के साथ दिल्ली के लिए निकली थीं। ट्रेन में अनबन होने पर छोटी बहन बस्ती स्टेशन पर उतर गई थी। पुलिस ने बड़ी बहन से संपर्क कर उसे गोंडा से वापस बस्ती बुलाया। आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी होने पर समिति ने दोनों को उनके माता-पिता को सौंप दिया। घटना कुशीनगर की होने के कारण समिति ने प्रकरण वहां की बाल कल्याण समिति को स्थानांतरित किया है।

कप्तानगंज की नाबालिग मां को सौंपी

बस्ती। कप्तानगंज थाना क्षेत्र की एक नाबालिग को भी बुधवार को न्याय पीठ बाल कल्याण समिति ने उसकी मां को सौंपा। समिति अध्यक्ष प्रेरक मिश्रा ने बताया कि पुलिस ने नाबालिग को बरामद कर समिति के सामने प्रस्तुत किया था। उसके पिता दुबई में रहते हैं। जरूरी औपचारिकताएं पूरी होने पर नाबालिग को मां को सौंपा गया। उसकी स्थिति पर अगले तीन माह तक फॉलोअप किया जाएगा।



Source link