बस्ती। सहालग शुरू होते ही फर्नीचर बाजार में रौनक लौट आई है। शादी-विवाह की तैयारियों में जुटे लोग घरों की जरूरत और नई गृहस्थी के लिए फर्नीचर की खरीदारी करने दुकानों और शोरूम तक पहुंचने लगे हैं। इसका असर कारोबार पर भी दिखने लगा है। कारोबारियों के मुताबिक पिछले सप्ताह की तुलना में फर्नीचर की बिक्री में 25 से 30 प्रतिशत तक बढ़ोतरी हुई है।
दिवाली के दौरान बाजार में रौनक रहने के बावजूद फर्नीचर की दुकानों पर अपेक्षाकृत कम ग्राहक पहुंचे थे। अब सहालग के चलते खरीदारी तेज हो गई है। बेड, सोफा सेट, अलमारी, ड्रेसिंग टेबल और डाइनिंग टेबल की मांग बढ़ी है। खास बात यह है कि ग्राहक पारंपरिक फर्नीचर के साथ आधुनिक डिजाइन और कम जगह घेरने वाले विकल्पों को भी पसंद कर रहे हैं। इस बार हाइड्रोलिक बेड, सोफा कम बेड और मॉड्यूलर फर्नीचर ग्राहकों की पसंद में शामिल हैं।
छोटे घरों में जगह की बचत के लिए ऐसे फर्नीचर को प्राथमिकता दी जा रही है, जिनका एक से अधिक तरीके से इस्तेमाल किया जा सके। वहीं, डबल बेड, लकड़ी और स्टील की अलमारी तथा पांच सीटर सोफा सेट की भी अच्छी मांग है। ग्राहकों की पसंद को देखते हुए दुकानदारों ने अलग-अलग डिजाइन और कीमतों के फर्नीचर का स्टॉक बढ़ाया है।
फर्नीचर व्यवसायी नारद चौहान और रघुवीर ने बताया कि विवाह सीजन में ग्राहकों की संख्या लगातार बढ़ रही है। पिछले सप्ताह के मुकाबले बिक्री में 25 से 30 प्रतिशत तक इजाफा हुआ है। दुकानदार नारद के अनुसार, ग्राहक अब टिकाऊपन के साथ आकर्षक डिजाइन और बेहतर फिनिशिंग को भी महत्व दे रहे हैं। अगले एक महीने तक कारोबार अच्छा रहने की उम्मीद है।
फर्नीचर की कीमत
फर्नीचर लकड़ी का प्रकार औसत कीमत
डबल बेड शीशम/सागौन 30 से 50 हजार रुपये
पांच सीटर सोफा सेट सागौन/टीक 20 से 40 हजार रुपये
छह कुर्सी डाइनिंग टेबल शीशम/रोजवुड 30 से 50 हजार रुपये
तीन दरवाजे वाली अलमारी सागौन 15 से 35 हजार रुपये
ड्रेसिंग टेबल शीशम/पाइनवुड 10 से 25 हजार रुपये
नोट: कीमतें बाजार और फर्नीचर की गुणवत्ता के अनुसार अलग-अलग हो सकती हैं।
