– कृषक और मौर्य एक्सप्रेस से देवरिया भेजकर यात्रियों को ट्रेन में चढ़ाया गया

– शनिवार सुबह छह बजे प्लेटफाॅर्म नंबर दो के बजाय छह से रवाना हुई आसनसोल स्पेशल

– डिस्प्ले बोर्ड पर नहीं दिखी जानकारी, उद्घोषणा भी नहीं होने से स्टेशन पर मचा हंगामा

गोरखपुर। रेल प्रशासन की लापरवाही से गोरखपुर से आसनसोल जा रही स्पेशल ट्रेन में 35 यात्री नहीं चढ़ सके। ट्रेन का प्लेटफॉर्म बदल दिया गया। इसके बाद न तो पूछताछ केंद्र से इसकी सूचना प्रसारित की गई और न ही प्लेफॉर्म पर लगे डिस्प्ले बोर्ड पर दर्शाया गया। यात्रियों ने स्टेशन पर हंगामा शुरू कर दिया। ट्रेन को देवरिया में रोकने का निर्देश दिया गया और यात्रियों को कृषक व मौर्य एक्सप्रेस से देवरिया भेजकर आसनसोल स्पेशल में चढ़ाया गया। रेल प्रशासन ने मामले की जांच के निर्देश दिए हैं।

शनिवार सुबह छह बजे रवाना होने वाली गाड़ी संख्या 03528 गोरखपुर-आसनसोल एक्सप्रेस को प्लेटफाॅर्म नंबर दो के बजाय छह से रवाना कर दिया गया। यात्रियों को इसकी जानकारी उद्घोषणा से नहीं मिली, जो यात्री प्लेटफॉर्म दो पर ट्रेन का इंजतार कर रहे थे वे भी डिस्प्ले बोर्ड पर सही सूचना न मिलने से वहीं खड़े रहे। इस बीच ट्रेन रवाना हो गई। ट्रेन छूटने की जानकारी होने के बाद यात्रियों ने स्टेशन पर हंगामा शुरू कर दिया।

छोटे बच्चों और बुजुर्गों के साथ सफर कर रहे यात्रियों को भी परेशानी उठानी पड़ी। यात्रियों का कहना था कि अगर समय से प्लेटफाॅर्म की जानकारी दी जाती तो वे ट्रेन में चढ़ जाते। सभी यात्रियों के पास आरक्षित टिकट था। हंगामे की सूचना पर आरपीएफ पोस्ट प्रभारी निरीक्षक गिरजेश विश्वकर्मा अपने स्टाॅफ के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने यात्रियों को समझाया और वैकल्पिक व्यवस्था कराई। पहले तो कंट्रोल रूम को सूचना देकर आसनसोल स्पेशल को देवरिया में रुकवाया। करीब आधे घंटे तक ट्रेन खड़ी रही और कृषक और मौर्य एक्सप्रेस से यात्री पहुंच गए। उन्हें बैठाकर ट्रेन को रवाना कर दिया गया।

–

कोट

मामला की जानकारी हुई है। लापरवाही किस स्तर पर हुई है इसकी जांच के आदेश दिए गए हैं। सभी यात्रियों को वैकल्पिक व्यवस्था कर दूसरी ट्रेन में बैठाकर देवरिया भेजा गया और वहां आसनसोल स्पेशल में उन्हें चढ़ा दिया गया।

सुमित कुमार, सीपीआरओ-एनईआर



Source link