बस्ती। प्रधानमंत्री आवास योजना-शहरी 2.0 में आवासों के भौतिक सत्यापन और जियो टैगिंग की प्रक्रिया सवालों के घेरे में है। जिले के 10 नगर निकायों में 3190 आवासों का सत्यापन कर निर्माण की स्थिति की तस्वीरें अपलोड करने की जिम्मेदारी जिन 17 सत्यापनकर्ताओं को सौंपी गई थी, उनमें से कई को इसकी जानकारी तक नहीं है। किसी का मोबाइल नंबर गलत दर्ज है तो किसी तक आदेश ही नहीं पहुंचा। इसके बावजूद 3161 आवासों का सत्यापन पूरा होने की रिपोर्ट डूडा की ओर से सूडा को भेज दी गई।

योजना के तहत चालू वित्तीय सत्र में स्वीकृत आवासों के लिए प्रथम और द्वितीय किस्त की धनराशि भेजे जाने के बाद निर्माण की प्रगति की जांच करनी थी। इसके लिए डूडा की ओर से विभागीय कर्मचारियों के अलावा 14 आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और तीन ब्लॉक कोऑर्डिनेटरों को लगाया गया था। लेकिन, नगर पालिका बस्ती से लेकर कप्तानगंज, गनेशपुर, गायघाट, हर्रैया, रुधौली, मुंडेरवा और बनकटी तक सत्यापन की जिम्मेदारी संभालने वाले कई कर्मचारियों ने इससे अनभिज्ञता जताई।

कुछ ने बताया कि उन्हें आदेश नहीं मिला, जबकि कुछ के मोबाइल नंबर ही गलत दर्ज थे। नगर पालिका बस्ती में सामुदायिक आयोजक भयाराम वर्मा को जियो टैगिंग की जिम्मेदारी दी गई थी। बाद में उन्हें हटाए जाने की बात सामने आई लेकिन उनके स्थान पर किसने काम किया, इसका स्पष्ट जवाब विभाग के पास नहीं है। कप्तानगंज में नामित आंगनबाड़ी कार्यकर्ता आशा देवी का नंबर सूची में गलत दर्ज होने की बात सामने आई।

गनेशपुर में प्रमिला और गायघाट में गिरिजा देवी ने भी सत्यापन की जानकारी होने से इन्कार किया। हर्रैया में डेजी का नंबर गलत दर्ज था। रुधौली की वंदना पांडेय ने बताया कि उन्होंने यह काम करने से मना कर दिया था। मुंडेरवा में नामित रोशनी का मोबाइल बंद मिला और बनकटी की साधना को केवल एक बार जानकारी दिए जाने की बात सामने आई। नगर पंचायत नगर में कुछ कर्मचारियों ने आवासों की जियो टैगिंग की बात स्वीकार की लेकिन वहां भी विरोध और अधूरे निर्माण के कारण प्रक्रिया प्रभावित होने की जानकारी दी गई। कुछ कर्मचारियों का कहना था कि सभासदों से संपर्क करने पर आवास पूर्ण नहीं मिले तो कहीं लाभार्थियों ने जियो टैगिंग का विरोध किया। इस बीच कुछ निकायों में निजी जेई और अन्य कर्मियों के माध्यम से भी जियो टैगिंग कराने की जानकारी सामने आई है।

त्रुटि के कारण बनकटी में 1153 आवासों में 102 की नहीं हो सकी फीडिंग

बनकटी। बनकटी में 1153 आवासों में 102 की फीडिंग त्रुटि के कारण नहीं हो सकी है। डूडा के संविदा जेई विकास यादव के अनुसार, उन्हें करीब 402 आवासों की जियो टैगिंग मिली है, जिस पर काम चल रहा है। शेष आवासों की जियो टैगिंग पहले नगर पंचायत के माध्यम से कराई गई थी। इसके बावजूद कई लाभार्थियों का सत्यापन अब तक लंबित है। कुछ लाभार्थियों ने बताया कि उनके यहां अब तक जियो टैगिंग करने कोई नहीं पहुंचा। कुछ का कहना है कि जियो टैगिंग के बाद भी पहली किस्त नहीं मिली है। इससे कच्चे और जर्जर मकानों में रह रहे परिवारों को निर्माण शुरू करने में परेशानी हो रही है। बभनान संवाद के अनुसार, जियो टैगिंग की प्रक्रिया को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है। यहां सभासदों के साथ बाहरी कर्मी गाड़ी से लाभार्थियों के घर पहुंच रहे हैं। लाभार्थी उन्हें पहचानते नहीं हैं और केवल सभासदों के माध्यम से ही उनसे संपर्क कर पा रहे हैं। नगर पंचायत के आवास पटल प्रभारी भास्कर पाठक के अनुसार, इस काम में नगर पंचायत का कोई कर्मचारी नहीं लगाया गया है। उनके पास डूडा की ओर से जियो टैगिंग के लिए नामित कर्मियों की सूची भी उपलब्ध नहीं है।

10 नगर निकायों में स्वीकृत आवासों के लिए प्रथम और द्वितीय किस्त भेजी गई थी। निर्माण की स्थिति के सत्यापन और जियो टैगिंग के लिए विभागीय कर्मचारियों के साथ 14 आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और तीन ब्लॉक कोऑर्डिनेटरों को लगाया गया था। इन्हीं की लॉगिन आईडी और पासवर्ड से रिपोर्ट भेजी जानी थी। यदि इनकी आईडी से रिपोर्ट नहीं आई है तो यह गलत है। कुछ स्थानों पर अपने स्तर से भी जियो टैगिंग कराई गई है। कुछ कर्मचारियों ने काम करने से मना कर दिया था। मामले में गड़बड़ी की जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी। -राजेश यादव, एसडीएम/पीओ डूडा, बस्ती



Source link