मिठौरा। सिंदुरिया थाना क्षेत्र के एक गांव में शादी समारोह के दौरान 85 वर्षीय बुजुर्ग महिला से दुष्कर्म का मामला सामने आया है। विरोध करने पर आरोपी ने महिला के साथ मारपीट भी की। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

घटना 25 नवंबर की रात करीब नौ बजे की है। गांव में एक परिवार के लड़के की बरात दूसरे गांव गई हुई थी। घर के पुरुष सदस्य बरात में शामिल होने गए थे, जबकि रिश्तेदारी में आया युवक गिरजेश घर पर ही था। आरोप है कि शराब के नशे में धुत गिरजेश घर में आराम कर रही बुजुर्ग महिला के कमरे में घुस गया और उनके साथ दुष्कर्म किया। महिला के विरोध करने पर उसने मारपीट भी की।

इसी दौरान खाना खाने के लिए बुलाने पहुंची बुजुर्ग महिला की बड़ी बेटी ने कमरे में युवक को आपत्तिजनक हरकत करते देख लिया। उसने शोर मचाते हुए चार-पांच महिलाओं को बुलाया। इस पर आरोपी मौके से भाग गया। सूचना मिलने पर बरात से लौटे परिजन ने उसकी तलाश शुरू की। कुछ देर बाद आरोपी बाहर पुआल से खुद को ढककर सोता मिला।

परिजन ने उसे पकड़कर पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पहुंची सिंदुरिया पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी। पीड़िता की तहरीर के आधार पर दुष्कर्म और मारपीट समेत संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है।

थाना प्रभारी अनूप तिवारी ने बताया कि पीड़िता की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। न्यायालय में पेश करने के बाद उसे जेल भेज दिया गया।

बोले एसपी

पुलिस ने मामले में तत्परता दिखाते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।

शक्ति मोहन अवस्थी, पुलिस अधीक्षक



Source link