बस्ती। कप्तानगंज थाना क्षेत्र के एक निजी विद्यालय से महिला शिक्षिका के साथ लापता हुए 15 वर्षीय किशोर को बृहस्पतिवार को विधिक प्रक्रिया पूरी करने के बाद पिता के सुपुर्द कर दिया गया। न्याय पीठ बाल कल्याण समिति (सीडब्ल्यूसी) ने पिता से अनुबंध पत्र भरवाकर किशोर की सुपुर्दगी की।

साथ ही 15 दिन बाद उसे दोबारा समिति के समक्ष पेश करने का निर्देश दिया है। सीडब्ल्यूसी की टीम अगले चार माह तक किशोर की गतिविधियों पर निगरानी रखेगी।

मामला निजी विद्यालय के प्रबंधक के बेटे और उसी विद्यालय की 26 वर्षीय अविवाहित शिक्षिका के लापता होने से जुड़ा है। रविवार को दोनों के लापता होने के बाद किशोर के पिता ने शिक्षिका पर बहला-फुसलाकर बेटे को ले जाने का आरोप लगाते हुए कप्तानगंज थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई थी।

पुलिस ने सर्विलांस की मदद से दोनों की लोकेशन लखनऊ में ट्रेस की और रविवार देर रात उन्हें सकुशल बरामद कर लिया। इसके बाद किशोर को बाल कल्याण समिति के समक्ष पेश किया गया। समिति के निर्देश पर मंगलवार को उसका मेडिकल परीक्षण कराया गया। रिपोर्ट आने के बाद बुधवार को उसे फिर समिति के सामने पेश किया गया, लेकिन पिता और विवेचक के मौजूद नहीं होने से सुपुर्दगी की प्रक्रिया पूरी नहीं हो सकी।

समिति के अध्यक्ष प्रेरक मिश्रा ने बताया कि बृहस्पतिवार को पिता और विवेचक की मौजूदगी में आवश्यक विधिक औपचारिकताएं पूरी कराई गईं। पिता से 19-20 का अनुबंध पत्र भरवाने के बाद किशोर को उनके सुपुर्द कर दिया गया।



Source link