बीएड संयुक्त प्रवेश परीक्षा 31 मई को प्रस्तावित है। इसके लिए 4,41,030 छात्र-छात्राओं ने फार्म भरे हैं। शुक्रवार को तय किया गया कि प्रदेशभर में 1020 परीक्षा केंद्र बनेंगे, जिस पर अंतिम मुहर आज शनिवार को लगेगी।
प्रवेश परीक्षा को लेकर कुलपति प्रो. मुकेश पांडेय ने शुक्रवार को तैयारियों की समीक्षा की। प्रदेशभर से एक ट्रांसजेंडर, 1,70,903 छात्र और 2,70,126 छात्राएं प्रतिभाग करेंगी, जिनके लिए परीक्षा केंद्र बनाने के संबंध में मंथन हुआ। चूंकि सबसे ज्यादा आवेदन बनारस से 65 हजार, गोरखपुर से 30 हजार, बलिया व प्रयागराज से 26-26 हजार आवेदन आए हैं, इसलिए इन्हीं जिलों में परीक्षा केंद्र बनाने में दिक्कत आ रही है। सूत्र बताते हैं कि तय हुआ है कि उक्त जिलों के कुछ परीक्षार्थियों के परीक्षा केंद्र द्वितीय, तृतीय अथवा चतुर्थ च्वाइस के आधार पर बनाए जाएंगे। बीएड संयुक्त प्रवेश परीक्षा के राज्य समन्वयक प्रो. सौरभ श्रीवास्तव ने बताया कि फिलहाल 1020 परीक्षा केंद्र बनाना तय किया गया है, अंतिम मुहर शनिवार को लगेगी।
श्रावस्ती को परीक्षा केंद्र बनाने पर हुआ मंथन
विगत दिनों कुलपति की अध्यक्षता में हुई बैठक में तय हुआ था कि श्रावस्ती में परीक्षा केंद्र नहीं बनेगा। शुक्रवार को नजदीकी जिलों में परीक्षार्थियों की संख्या ज्यादा होने की बात रखी गई तो श्रावस्ती में भी परीक्षा केंद्र बनाने पर चर्चा हुई। सूत्रों के अनुसार अब जिन्होंने श्रावस्ती को परीक्षा केंद्र चुना है, उनका परीक्षा केंद्र वहीं बनेगा।
