यूपी के अमेठी में लखनऊ-वाराणसी हाईवे पर शुक्रवार रात दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। एक बाइक पर सवार मुबारकपुर मजरे पूरे अमृतलाल पंडित का पुरवा निवासी गौतम (40) और पड़ोसी आसाराम (35) की मौत हो गई। दूसरी बाइक पर सवार डोमाडीह निवासी बबलू उर्फ विनय और उसका भांजा दुर्गेश निवासी मिश्र का पुरवा, बढ़ौली गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को सीएचसी से ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया है।

परिजनों के मुताबिक, गौतम शुक्रवार शाम पड़ोसी आसाराम के साथ बेटी के विवाह के लिए फल और अन्य सामान लेने बाइक से जगदीशपुर कस्बा गए थे। लौटते समय लखनऊ-वाराणसी हाईवे पर सामने से आ रही बाइक से उनकी भिड़ंत हो गई। 

दोनों बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं

टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। भिड़ंत के बाद बाइकों पर सवार चारों लोग सड़क पर जा गिरे। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को सीएचसी जगदीशपुर पहुंचाया। वहां जांच के बाद चिकित्सकों ने एक बाइक पर सवार गौतम और आसाराम को मृत घोषित कर दिया।

बबलू की हालत गंभीर देखते हुए ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया। जबकि, दुर्गेश का इलाज चल रहा है। गौतम की बेटी की शुक्रवार रात बरात आनी थी। घर में सुबह से शादी की तैयारियां चल रही थीं। हादसे की खबर से परिवार में छाया खुशियों का माहौल मातम में बदल गया। सभी के आंसू थमने का नाम नहीं ले रहे थे।

इंस्पेक्टर धीरेंद्र कुमार यादव ने बताया कि मृतक के भाई मंटू की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में बाइक सवारों के हेलमेट न लगाने की बात सामने आई है।

हेलमेट लगा होता तो बच सकती थी जान

हादसे के बाद लोगों में चर्चा रही कि बाइक सवारों ने हेलमेट नहीं पहन रखा था। मौके पर भी कोई हेलमेट नहीं मिला। लोगों का कहना था कि यदि बाइक सवारों ने हेलमेट पहना होता तो सिर में गंभीर चोटें नहीं लगने से उनकी जांच बच सकती थी। मृतक के परिजनों ने बताया कि शादी की तैयारियों की जल्दबाजी में दोनों लोग बिना हेलमेट के ही बाजार फल लेने निकल गए थे।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

अभी अभी की खबरें