
एसएन मेडिकल कॉलेज
– फोटो : अमर उजाला
विस्तार
उत्तर प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर करने में योगी सरकार जुटी हुई है। इसी कड़ी में एसएन मेडिकल कॉलेज में अत्याधुनिक बर्न यूनिट बनकर तैयार हो गई है। 4.60 करोड़ रुपये की लागत से 30 बेड की बर्न यूनिट तैयार की गई है। अब एसएन मेडिकल कॉलेज में ही गंभीर जले हुए मरीजों का इलाज हो पाएगा। नव वर्ष में बर्न यूनिट शुरू होने की उम्मीद है।
एसएन में वर्ष 2019 में 4.60 करोड़ रुपये से 30 बेड की बर्न यूनिट का निर्माण शुरू हुआ था। इसके बाद कोरोना काल में काम नहीं हुआ। बजट मिलने के बाद कार्यदायी संस्था ने भवन निर्माण का कार्य पूरा कर दिया। प्राचार्य डा. प्रशांत गुप्ता ने बताया कि बर्न यूनिट में 30 बेड का एंटी बैक्टीरियल वार्ड और आईसीयू है। इसमें दो मॉड्यूलर ऑपरेशन थिएटर बनाए गए है। बर्न यूनिट में प्लास्टिक सर्जन, एनेस्थेटिस्ट, सर्जन, चर्म रोग विशेषज्ञ, फिजीशियन और प्रशिक्षित मेडिकल स्टाफ मिलकर कुल 15 लोगों का स्टाफ होगा।
प्राचार्य डॉ. प्रशांत गुप्ता ने बताया कि बर्न यूनिट के लिए फर्नीचर सहित अन्य कार्य किए जा रहे है। उपकरण खरीदे जा रहे है। इस वर्ष के अंत तक ही बर्न यूनिट के सभी कार्य पूरे हो जाएंगे। नव वर्ष में बर्न यूनिट शुरू हो की पूरी उम्मीद है। उन्होंने बताया कि मेडिकल कॉलेज में हर रोज दो से तीन जले हुए मरीज पहुंचते हैं।
आगरा के साथ ही मथुरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, भरतपुर से जले हुए मरीज भर्ती होते हैं। इन मरीजों को फिलहाल इमरजेंसी में भर्ती किया जाता है। यहां से नई सर्जरी बिल्डिंग में सर्जरी विभाग में बनाई गई बर्न यूनिट में मरीज शिफ्ट कर दिए जाते हैं। इसके शुरू होने के बाद आगरा और आस- पास के जिलों से आने वाले मरीजों को इससे फायदा होगा।
