कदौरा। कस्बा क्षेत्र में चोरों ने पूर्व चेयरमैन के एक निजी ट्यूबवेल को निशाना बनाते हुए लाखों के कृषि उपकरण पार कर दिए। सुबह ट्यूबवेल पहुंचे उनके किसान पुत्र ने जब गायब सामान देखा तो उनके होश उड़ गए। बताया कि करीब एक लाख का सामान चोरी हुआ है।
कस्बा निवासी पूर्व चेयरमैन अखिलेश कुमार के पुत्र सुनील कुमार का निजी ट्यूबवेल कंचन फिलिंग पेट्रोल पंप के पीछे स्थित है। पीड़ित ने बताया कि बृहस्पतिवार को वह रोजाना की तरह सुबह ट्यूबवेल पहुंचे तो कमरे का ताला टूटा मिला। अंदर जाकर देखा तो थ्री फेज स्टार्टर की केबल, झटका मशीन, तीन बैटरियां और सात स्प्रिंकलर सेट सहित अन्य सामान गायब था।
पीड़ित के अनुसार चोर करीब एक लाख रुपये का सामान चोरी कर ले गए। पहुंची पुलिस जांच में जुटी है। थानाध्यक्ष परमेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि ट्यूबवेल से केबल व तार चोरी की सूचना मिली है, मामले की जांच कर कार्रवाई की जा रही है।
