अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। सोमवार को विकास भवन के सभागार में लोक निर्माण विभाग के कार्यों की समीक्षा हुई, जिसमें सड़कों की मरम्मत व गड्ढामुक्ति के लिए 10 अक्तूबर तक अभियान चलाने के निर्देश दिए। इसके अलावा जनप्रतिनिधियों से नई सड़कों के निर्माण के लिए प्रस्ताव भी मांगे गए।
विकास भवन सभागार में हुई बैठक में सांसद अनुराग शर्मा ने जनप्रतिनिधियों से कहा कि रोड कनेक्टिविटी को बेहतर बनाने के लिए वे प्रस्ताव तैयार करें, जिससे जनता को आवागमन में परेशानी न हो। अध्यक्षता करते हुए जिलाधिकारी अविनाश कुमार ने कहा कि सड़कों के निर्माण के लिए धन की कोई कमी नहीं है। ऐसे में सभी जनप्रतिनिधि जिला प्रशासन के साथ मिलकर प्रस्ताव तैयार करें। इस सबंध में शासन स्तर से तत्काल निर्णय लिया जाएगा। अगर किसी मजरे में मात्र 250 लोगों की आबादी है, तो भी वहां पक्की सड़क की सुविधा मिलेगी।
बैठक में विधायक जवाहर लाल राजपूत, विधायक डा. रश्मि आर्या, एमएलसी रामतीर्थ सिंघल, सीडीओ जुनैद अहमद आदि मौजूद रहे।
