कानपुर देहात में बुधवार (2 अगस्त) की रात कच्चे मकान की दीवार गिरने से दो बच्चों की मौत हो गई। हादसे से बदहवास मां हाथ में दूध की बोतल लिए बार-बार बच्चों को पुकारती रही। पति का अस्पताल में इलाज चल रहा है। मंत्री घर पहुंचे और 9 लाख 20 हजार रुपये की मदद
.
परिवार जर्जर मकान में रह रहा था, लेकिन उसे आवास योजना का लाभ क्यों नहीं मिला। इस बारे में CDO से बात करने की कोशिश की गई तो उनका जवाब था- क्या यहां मैं जवाबदेही के लिए बैठा हूं, किसी ने दीवार थोड़ी गिरा दी है। दैवीय आपदा से हादसा हुआ है। घटना के 4 मुख्य जिम्मेदार लोगों से दैनिक भास्कर की टीम ने बात करके जाना कि पहले कोई कदम क्यों नहीं उठाया गया ? पढ़िए रिपोर्ट…

दीवार गिरने से दोनों बच्चों को खोने वाली मां बच्चों की दूध की बॉटल लेकर रो रही है। उसका कहना है कि अब आवास मिलने का भी क्या फायदा है।

अस्पताल में पिता ने बताया कि आवास के नाम पर रुपये की डिमांड की जाती थी। मैं रुपये नहीं दे पाया इसलिए आवास नहीं मिला।
पहले मामला समझिए…
मूसानगर के जरसेन गांव में बुधवार रात कच्चे मकान की दीवार गिरने से दो बच्चों की मौत हो गई। घटना के समय रात 9:30 बजे पूरा परिवार गहरी नींद में सो रहा था। दीवार गिरने की आवाज सुनकर पड़ोसी भागकर मौके पर पहुंचे। मलबा हटाकर लोगों को बाहर निकाला। लेकिन तब तक दोनों बच्चे दम तोड़ चुके थे।
मुकेश पत्नी संगीता बेटी पलक (7) और बेटे लविश (3) के साथ रहते हैं। वह खेतों में मजदूर का काम करते हैं। हादसे से कुछ देर पहले तक घर में सबकुछ सामान्य था। संगीता के मुताबिक, परिवार ने साथ बैठकर कढ़ी-चावल खाया था। मुकेश बाजार से कालाजाम लेकर आए थे। खाना खाने के बाद सभी ने मिठाई खाई और चारपाइयों पर सोने चले गए।
दीवार गिरते ही पूरा परिवार मलबे में दब गया। सोने से पहले पलक ने पिता से कहा था कि उसका फिंगर खाने का बहुत मन है। उसने कई दिनों से फिंगर खाने की बात कही थी। मुकेश ने बेटी से कहा था कि कल लेकर आएंगे। किसी को अंदाजा नहीं था कि यह पिता-बेटी की आखिरी बातचीत बन जाएगी।

बच्चों की मौत के बाद बेसुध मां बार-बार वहीं जाकर बैठ जाती है, जहां उसके बच्चों के शव मिले थे।
बच्चों को आखिरी बार विदा करने हॉस्पिटल से पहुंचा पिता
गुरुवार को सुबह नदी में दोनों बच्चों के शव प्रवाहित कर दिए गए। पिता घायल हालत में हॉस्पिटल से आया और नम आंखों से बच्चों को आखिरी विदाई दी। मां अभी भी बार-बार उसी जगह जाकर बैठ जाती है, जहां से उसके बच्चों के शव मिले थे। कैबिनेट मंत्री राकेश सचान गुरुवार को अधिकारियों के साथ गांव पहुंचे। यहां उन्होंने पीड़ित परिवार से बात की और सांत्वना दी।
मंत्री ने मदद दी, आवास देने के निर्देश
मंत्री ने पीड़ित के खाते में 9 लाख 20 हजार की मदद देने के लिए पत्र दिया। इसके अलावा आवास देने के निर्देश अधिकारियों को दिए। घटना के बाद बच्चों की मां और पिता दोनों ने कहा कि अब हमारा परिवार उजड़ गया है। अब हमें आवास मिल भी गया तो उसका क्या करेंगे।

हादसे के बाद कैबिनेट मंत्री राकेश सचान गांव पहुंचे और परिवार को आर्थिक मदद दी।
परिवार के पास न राशन कार्ड न ही आवास
मुकेश की आर्थिक स्थिति बेहद खराब है। परिवार केवल दैनिक मजदूरी पर निर्भर है। मकान एकदम जर्जर हालत में है। मुकेश ने बताया कि वह बहुत बार लोगों के पास गया आवास मांगने, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। परिवार के पास राशन कार्ड भी नहीं है। जो मदद अब दी जा रही है, वो पहले क्यों नहीं दी गई। इसका जिम्मेदार कौन है…

1. ग्राम प्रधान- रीता सिंह
परिवार को आवास न मिलने में सबसे पहली जिम्मेदारी ग्राम प्रधान रीता सिंह की है। उनके पति योगेंद्र सिंह गांव का पूरा कामकाज देखते हैं। गांव में लोगों ने बताया कि ये लोग यहां रहते ही नहीं हैं। पूरा परिवार कानपुर शहर में रहता है। हादसे के बाद भी वो मौके पर नहीं पहुंचे। पीड़ित परिवार का आरोप है कि उन्होंने प्रधान से लगातार आवास के लिए कहा था। अनुसूचित जाति का होने के बावजूद प्रधान ने मुख्यमंत्री आवास योजना के लिए कोई प्रयास नहीं किया। परिवार ने यह भी आरोप लगाया कि आवास के लिए रुपए की डिमांड की जाती थी। मुकेश के लिए ये रुपए इकट्ठा करना संभव नहीं था, जिसकी वजह से लाभ नहीं मिला।
2. ग्राम पंचायत अधिकारी- आशुतोष सिंह
हादसे के दूसरे जिम्मेदार ग्राम पंचायत अधिकारी आशुतोष सिंह हैं। उनकी जिम्मेदारी थी कि जर्जर घरों की पहचान करना। जर्जर मकानों से कोई हादसा हो उससे पहले लोगों को सुरक्षित जगह शिफ्ट कराना और जल्द से जल्द सरकारी आवास दिलाना। लेकिन, उन्होंने भी पीड़ित का नाम पीएम आवास योजना की लिस्ट में होने का फायदा उठाया और कोई कोशिश नहीं की।
3. खंड विकास अधिकारी- संजय कन्नौजिया
तीसरे जिम्मेदार खंड विकास अधिकारी संतजय कन्नौजिया हैं। उनकी जिम्मेदारी थी कि ब्लॉक के सभी गांवों में बारिश से पहले जांच कराएं। उन्हें यह देखना था कि कोई जर्जर घर में तो नहीं है। अगर है तो उसे अब तक आवास क्यों नहीं मिला। इसके लिए और क्या प्रयास किए जा सकते थे, इस पर भी ध्यान देना था। लेकिन, BDO भी VDO निर्भर रहे और कोई कार्रवाई नहीं की।

मुकेश का घर कच्चा और जर्जर था इसके बाद भी उसे आवास योजना का लाभ नहीं मिला।
4. मुख्य विकास अधिकारी- विधान जायसवाल
हादसे चौथे और सबसे बड़े जिम्मेदार जिले के CDO विधान जायसवाल हैं। इनके ऊपर पूरे जिले की जिम्मेदारी है। जिले में आवास योजना से कौन वंचित है? जिले में ऐसे कितने गांव हैं? और वहां कितने ऐसे घर हैं जो बारिश में ढह सकते हैं? कच्चे और जर्जर मकानों में लोग रह रहे हैं उनके लिए क्या व्यवस्थाएं की जाएं।
जर्जर मकान में रहने वाले लोगों को दुर्घटना से पहले सुरक्षित जगह पर शिफ्ट कराना, अगर किसी वजह से आवास योजना का लाभ मिलने में देरी हो रही है तो उसे दूसरी किस योजना में रखकर जल्दी लाभ दिलाया जा सकता है ये सब CDO की जिम्मेदारी है। लेकिन, CDO ने मौके पर पहुंचना भी जरूरी नहीं समझा। हादसे वाले दिन और उसके अगले दिन DM चुनाव की ट्रेनिंग के लिए दिल्ली में थे।
CDO के पास था चार्ज, मौके पर नहीं गए
DM की अनुपस्थिति में जिले का चार्ज CDO के पास था। लेकिन उन्होंने हादसे को लेकर कोई भी ऑफिशियल बयान जारी नहीं किया। बल्कि अगले दिन अपने ट्विटर हैंडल पर ‘दिव्यांगजन रोजगार अभियान-3.0’ के सफल संचालन हेतु मिले प्रशस्ति पत्र को शेयर कर दिया।
सीयूजी नंबर पर नहीं मिला कोई जवाब
दैनिक भास्कर रिपोर्टर ने हादसे को लेकर कई बार उनके सीयूजी नंबर पर कॉल किया। लेकिन कोई आंसर नहीं मिला। इसके बाद उनके कार्यालय में जाकर जब पूछा गया कि हादसे कैसे हुआ और पहले इस पर ध्यान क्यों नहीं दिया गया तो CDO ने बहुत ही गैरजिम्मेदारी वाले बयान दिए।

दैनिक भास्कर रिपोर्टर ने CDO से हादसे के बारे में जानकारी मांगी तो उन्होने कहा- मैं यहां जिम्मेदारी लेने नहीं बैठा हूं।
चारो जिम्मेदारों ने क्या जवाब दिए पढ़िए…
CDO बोले- मैं यहां जिम्मेदारी लेने बैठा हूं ?
क्या मैं यहां जवाबदेही के लिए बैठा हूं? आप लोगों को तो कुछ पता होता नहीं है, हम लोग लगातार लगे हुए हैं और कम्युनिकेशन कर रहे हैं। आप तो ऐसे कह रहे हैं जैसे किसी ने दीवार गिरा दी हो। अरे, दैवीय आपदा से हुई होगी मौत! पहले तो बहुत कुछ हो सकता था, यह कोई बात नहीं हुई! आप तो ऐसे बात कर रहे हैं जैसे मेरी इंक्वायरी करने आए हों। मैं बाइट नहीं देता हूं और न ही दे पाऊंगा। यह हमारे प्रोटोकॉल में नहीं है। मैं सीडीओ हूं, बाइट नहीं दूंगा। जो भी बयान दिए जाएंगे, वे केवल जिला सूचना अधिकारी के माध्यम से ही दिए जाएंगे।
VDO ने कहा – बजट न होने से नहीं मिला लाभ
परिवार का पीएम आवास योजना में नाम है, लेकिन बजट न होने की वजह से अभी धनराशि नहीं मिल पाई थी। उन्होंने बताया इसी ग्राम पंचायत के 111 लोगों के नाम पीएम आवास योजना लिस्ट में शामिल हैं। जैसे ही ऊपर से बजट आता है उसके बाद धन राशि पात्र लोगों के खाते में भेजी जाएगी।
BDO बोले- अभी प्रोसेस में 1 महीना लगेगा
पीएम आवास में इनका नाम पहले से है। फंड न होने की वजह से पैसे नहीं आ पाए हैं। फिलहाल अब घर गिर गया है तो मुख्यमंत्री आवास योजना में भी उनकी पात्रता बनती है। सर्वे कराकर मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत घर दिया जाएगा। इस प्रोसेस में एक महीने का टाइम लगेगा।
ग्राम प्रधान पति बोले- अधिकारियों का दावा झूठा
अधिकारियों का यह दावा झूठा है कि पीड़ित का नाम प्रधानमंत्री आवास योजना की लिस्ट में है। जिस ‘श्री राम उर्फ मुकेश’ के नाम का दावा योजना की लिस्ट में किया जा रहा है, वह कोई दूसरा व्यक्ति है; वास्तविक पीड़ित का नाम लिस्ट में कहीं है ही नहीं। अब मामला दबाने के लिए अधिकारी पीड़ित को मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत घर देने की बात कर रहे हैं। योगेंद्र सिंह ने आगे कहा, “हम बी.टेक. और एम.टेक. पास हैं और हमने गांव का काफी विकास किया है। गांव में अभी भी 10 से ज्यादा घर जर्जर हालत में हैं, लेकिन जब इस बारे में BDO साहब से बात की, तो उन्होंने कहा कि ‘अभी सिर्फ इसी एक मामले को देखिए’।
——————-
यह खबर भी पढ़ें…
बेटे-बेटी की मौत, दूध की बोतल लिए बिलख रही मां:कानपुर में दीवार गिरने से दोनों मलबे में दबे, घायल पिता बोले- भगवान हमें भी ले जाते

कानपुर देहात में बुधवार रात कच्चे मकान की दीवार गिरने से दो बच्चों की मौत हो गई। हादसे से बदहवास मां हाथ में दूध की बोतल लिए बार-बार बच्चों को पुकार रही है। महिला के घायल पति का भी अस्पताल में इलाज चल रहा है। घटना के समय रात 9:30 बजे पूरा परिवार गहरी नींद में सो रहा था। दीवार गिरने की आवाज सुनकर पड़ोसी भागकर मौके पर पहुंचे। मलबा हटाकर लोगों को बाहर निकाला। लेकिन तब तक दोनों बच्चे दम तोड़ चुके थे। पढ़ें पूरी खबर…
