बंगाल की खाड़ी में चक्रवाती तूफान अकवान के सक्रिय होने से शनिवार को जिले में मौसम का मिजाज बदल गया। सुबह से ही आसमान में बादलों की आवाजाही बनी रही। दोपहर बाद कई स्थानों पर हल्की बूंदाबांदी हुई। इससे हवाओं में नमी बढ़ने के साथ ठंड का असर भी बढ़ गया। मौसम विभाग के अनुसार, अगले 24 घंटे में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने के आसार हैं। बंगाल की खाड़ी में बीते चार दिनों से चक्रवाती गतिविधियां सक्रिय हैं। इसके चलते मौसम में लगातार बदलाव देखने को मिल रहा है।


शनिवार सुबह से ही आसमान में बादल छाए रहे। करीब नौ बजे धूप निकली और दोपहर 12:30 बजे तक मौसम साफ रहा। इसके बाद हवा की दिशा बदलने के साथ बादलों का जमघट लगने लगा। दोपहर करीब 1:30 बजे कई स्थानों पर बूंदाबांदी हुई। बादलों की आवाजाही और हवाओं में नमी बढ़ने से ठंड का असर तेज हो गया। शाम होते-होते लोग गर्म कपड़ों में नजर आए और बाजारों में भी चहल-पहल कम हो गई। ग्रामीण क्षेत्रों में अलाव जलने लगे। ठंड बढ़ने के साथ गर्म कपड़ों की मांग भी बढ़ गई है। बेजवां के कृषि विशेषज्ञ डॉ. आरपी चौधरी ने बताया कि यह मौसम रबी सीजन की फसलों के लिए फायदेमंद है। ऐसे मौसम में गेहूं के बीज का अंकुरण अच्छी तरह होता है। हालांकि, जिन किसानों ने अभी धान की मड़ाई नहीं की है, उनके धान के डंठल नमी के कारण नरम पड़ सकते हैं। कृषि विज्ञान केंद्र बेजवां के प्रभारी डॉ. अजय कुमार ने बताया कि शनिवार को अधिकतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।



Source link

अभी अभी की खबरें