गाजीपुर। आईजीआरएस पर शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही और असंतुष्ट फीडबैक मिलने पर जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने संबंधित अधिकारियों के प्रति नाराजगी जताई।

उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी विभाग की शिकायत डिफाल्टर नहीं होनी चाहिए। शिकायतों का केवल कागजों पर निपटारा करने के बजाय मौके पर जाकर स्थलीय निरीक्षण और सत्यापन किया जाए।

कलेक्ट्रेट सभागार में शुक्रवार देर शाम हुई समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी ने विभागवार लंबित आईजीआरएस शिकायतों की बिंदुवार समीक्षा की। इस दौरान विद्युत निगम, तहसीलदार सदर और बीडीओ मोहम्मदाबाद सहित जिन अधिकारियों के यहां सर्वाधिक असंतुष्ट फीडबैक मिले, उनके प्रति नाराजगी व्यक्त की। डीएम ने निर्देश दिया कि शिकायतों का निस्तारण करने के बाद शिकायतकर्ता से बात कर उसका फीडबैक भी अवश्य लिया जाए, जिससे निस्तारण की गुणवत्ता का पता चल सके।

उन्होंने विशेष रूप से राजस्व, पुलिस, विकास, चकबंदी और विद्युत विभाग से जुड़ी शिकायतों का स्थलीय सत्यापन कर निस्तारण कराने को कहा। साथ ही सभी अधिकारियों को शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। चेतावनी दी कि शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों की जिम्मेदारी तय की जाएगी।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी आलोक प्रसाद, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व वेद सिंह चौहान सहित सभी संबंधित जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।

——————-



Source link

अभी अभी की खबरें