साइबर ठग ने खुद को दिल्ली पुलिस का आईपीएस अधिकारी बताकर बरेली की बुजुर्ग महिला से 15.30 लाख रुपये की ठगी कर ली। ठग कई महीने तक धमकाकर रकम ट्रांसफर कराते रहे। ठगी का अहसास होने पर वृद्धा ने साइबर क्राइम थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
इज्जतनगर के गायत्रीनगर की रहने वाली सुनीता सिंह ने साइबर थाने के इंस्पेक्टर नीरज सिंह को बताया कि उनके पति सेना में थे। उनका निधन हो चुका है। वह अकेली ही घर में रहती हैं। उनकी आयु साठ साल से ज्यादा है। 31 जुलाई 2025 को उनके पास एक व्हाट्सएप कॉल आई। कॉल करने वाले ने खुद को दिल्ली पुलिस का आईपीएस अधिकारी सुनील कुमार गौतम बताया। उसने सुनीता से कहा कि उनके खाते का इस्तेमाल धोखाधड़ी व मनी लॉड्रिंग के लिए किया गया है।
यह भी पढ़ें- Gold Silver Prices: सोना-चांदी की कीमतों में उतार-चढ़ाव जारी, अब नकद सौदा कर रहे सराफा कारोबारी
सुनीता इस बात से घबरा गईं। उन्होंने साइबर ठग को अधिकारी समझकर उसके कहने पर 20 अगस्त को पांच लाख, 21 अगस्त को 80 हजार, 23 अगस्त को 50 हजार और आठ सितंबर को नौ लाख रुपये बताए गए खातों में ट्रांसफर कर दिए। ठग ने उन्हें बताया कि इस रकम को सरकारी कोष में जमा करके जांच की जा रही है। महिला को चेतावनी दी गई कि वह किसी को इसकी जानकारी न दें, अन्यथा अंजाम बुरा होगा।
