Deoria News: सलेमपुर(देवरिया), हिन्दुस्तान टीम। सलेमपुर में सोमवार की सुबह तेज रफ्तार सब्जी लदी पिकअप का कहर देखने को मिला। कोतवाली से कुछ दूरी पर सड़क पर जा रहे एक बछड़े को पिकअप ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बछड़े की मौके पर ही मौत हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि पिकअप अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई और करीब 100 मीटर तक घिसटती चली गई। इस दौरान सड़क पर टहल रहे लोग बाल-बाल बच गए। सब्जी लदी पिकअप सलेमपुर सब्जी मंडी की ओर जा रही थी। इसी दौरान सड़क पर अचानक बछड़ा सामने आ गया। पिकअप की रफ्तार अधिक होने के कारण चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका।
टक्कर के बाद पिकअप पलट गई और उसमें लदी सब्जियां सड़क पर बिखर गईं। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। गनीमत रही कि वहां मौजूद राहगीर इसकी चपेट में नहीं आए और पिकअप चालक भी सुरक्षित बच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने सड़क पर बिखरी सब्जियों और पलटी पिकअप को हटवाकर आवागमन सामान्य कराया। कोतवाल राहुल कुमार सिंह ने बताया कि सब्जी लदी पिकअप मंडी जा रही थी। उसकी टक्कर से बछड़े की मौत हुई है। हादसे में किसी व्यक्ति को चोट नहीं आई। बड़ी अनहोनी होने से बच गई।
