
By: Inextlive | Updated Date: Mon, 23 Nov 2026 22:07:11 (IST)
गोरखपुर: कैंपियरगंज वन क्षेत्र के भारीवैसी में वानिकी एवं औद्यानिकी विश्वविद्यालय के शिलान्यास व भूमि पूजन के बाद ड्राइंग डिजाइन का काम शुरू हो गया है। दो वर्ष में कार्यदायी संस्था द्वारा विश्वविद्यालय का निर्माण कार्य पूरा करना है।
लगाए गए मजदूर
प्रोजेक्ट प्रबंधक ने बताया कि ड्राइंग डिजाइन का काम शुरू कर दिया गया है। इसके लिए पर्याप्त मात्रा में मजदूर लगाए गए हैं। 491 करोड़ रुपये की लागत से 123 एकड़ में बनने वाले इस विश्वविद्यालय परिसर में कुलपति आवास, प्रशासनिक भवन, केंद्रीय लाइब्रेरी, स्नातक, परास्नातक छात्र-छात्राओं के लिए अलग-अलग छात्रावास, अतिथि भवन, खेल मैदान, स्वास्थ्य केंद्र, उद्यानिकी नर्सरी, किसान भवन, गार्ड रूम और पुलिस चौकी का निर्माण कराया जाना है। परिसर में कुल 25 भवन बनाए जाने हैं। इनमें वानिकी, पर्यावरण और कृषि से संबंधित विभिन्न विभागों को स्थान आवंटित किया जाएगा।
सीएम ने किया भूमिपूजन
वानिकी एवं औद्यानिकी विश्वविद्यालय का भूमि पूजन 19 नवंबर को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भव्य समारोह के दौरान किया। उन्होंने विश्वविद्यालय का निर्माण कार्य पूरा होने तक वैकल्पिक जगह पर विश्वविद्यालय के संचालन की भी बात कही है।
इन विषयों की पढ़ाई
वानिकी विभाग में सिल्वीकल्चर एंड एग्रोफारेस्ट्री विज्ञान, प्राकृतिक संसाधन प्रबंधन एवं संरक्षण विज्ञान, वन उपज एवं उनके उपयोग विज्ञान, पारिस्थितिकी, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन विज्ञान, वन्य जीव विज्ञान एवं संरक्षण विज्ञान, सामाजिक विज्ञान विभाग में सामान्य और सामाजिक विज्ञान तथा औद्यानिकी (हार्टिकल्चर) विभाग में औद्यानिकी विज्ञान, वनस्पति विज्ञान, फल और बागवानी प्रौद्योगिकी, पुष्प कृषि और भू निर्माण तथा कटाई उपरांत प्रौद्योगिकी शामिल है।
मिलेगी यह डिग्री
बीएससी आनर्स, प्रौद्योगिकी आनर्स, एमएससी व पीएचडी में वानिकी, औद्यानिकी, वन्यजीव विज्ञान, प्राकृतिक संसाधन प्रबंधन वानिकी, एक वर्ष व तीन माह का डिप्लोमा कोर्स, वानिकी और औद्यानिकी में प्रशिक्षण की योजना है।
