मर्चेंट नेवी में नौकरी के नाम पर धोखाधड़ी
Deoria News:
सलेमपुर(देवरिया), हिन्दुस्तान संवाद। मर्चेंट नेवी में नौकरी दिलाकर विदेश भेजने का झांसा देकर एक युवक से 2.90 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने का मामला सामने आया है। पीड़ित की तहरीर पर न्यायालय के आदेश से कोतवाली पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। खुखुन्दू थाना क्षेत्र के खखड़ी गांव निवासी राकेश कुमार चौहान पुत्र शुभनारायन चौहान ने न्यायालय में दिए प्रार्थना पत्र में कहा है कि जून 2025 के प्रथम सप्ताह में उनकी मुलाकात चन्द्रप्रकाश कुशवाहा के घर सलेमपुर कोतवाली क्षेत्र के नदावर रोड स्थित महाजन स्कूल के पास रहने वाले शिवम मिश्र से हुई थी। शिवम ने खुद को मर्चेंट नेवी में लोगों को विदेश भेजने वाला एजेंट बताते हुए दो लाख नब्बे हजार रुपये में नौकरी दिलाने की बात कही। उसने दो-तीन किस्तों में रुपये देने की सहमति भी जताई। आरोप है कि 17 जून 2025 को राकेश अपने साले गोविन्द चौहान के साथ शिवम के घर पहुंचे। वहां शिवम के कहने पर गोविन्द ने उसकी बहन कौशिकी मिश्र के खाते में गूगल पे के माध्यम से दो बार 15 व 20 हजार कुल 40 हजार रुपये भेजें। इसके बाद 10 जुलाई को शिवम राकेश के घर पहुंचा, जहां परिवार के अन्य सदस्यों की मौजूदगी में उसे ढाई लाख रुपये नकद दिए गए। आरोप है कि रुपये लेने के बाद शिवम ने जल्द वीजा की व्यवस्था करने का भरोसा दिया, लेकिन बाद में टालमटोल करने लगा। उसने अमेरिकन कंपनी कोस्टा के नाम से कथित फर्जी पत्र और कागजात भी भेजे तथा हस्ताक्षर कराकर वापस मंगाए। इसके बाद वह अतिरिक्त पैसों की मांग करने लगा और संपर्क करना बंद कर दिया। पीड़ित ने 25 अगस्त 2026 को कोतवाली और पुलिस अधीक्षक से शिकायत की। लेकिन कोई कार्रवाई पुलिस द्वारा नहीं किए जाने से पीड़ित पक्ष न्यायालय की शरण चला गया। जहां न्यायालय के आदेश पर पुलिस ने कोतवाली क्षेत्र के नदावर रोड निवासी आरोपी शिवम मिश्र पुत्र श्रीकान्त मिश्र के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न
✦राकेश कुमार चौहान से कितनी रकम लेने का आरोप है?
शिवम मिश्र पर राकेश कुमार चौहान से मर्चेंट नेवी में नौकरी दिलाने के नाम पर 2.90 लाख रुपये लेने का आरोप है।
✦पुलिस ने मामले में क्या कार्रवाई की?
न्यायालय के आदेश पर कोतवाली पुलिस ने शिवम मिश्र के खिलाफ धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की है।
✦रुपये किस तरह दिए गए थे?
शिकायत के अनुसार, गोविन्द चौहान ने गूगल पे के माध्यम से रुपये भेजे और बाद में राकेश के घर पर ढाई लाख रुपये नकद दिए गए।
