
निगम कर्मियों से विवाद
– फोटो : अमर उजाला
विस्तार
आगरा के सेंट जाेंस चौराहे के पास लोहामंडी मार्ग पर ठेल वालों को हटाने गई नगर निगम की टीम का विक्रेताओं से विवाद हो गया। विक्रेता और कर्मचारी आमने-सामने आ गए। हंगामा और धक्कामुक्की होने लगी। इस पर लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना पर थाना लोहामंडी पुलिस पहुंची। ठेल विक्रेताओं और नगर निगम कर्मचारियों ने एक दूसरे पर पीटने के आरोप लगाए हैं।
सेंट जाेंस चौराहे के पास आधा दर्जन विक्रेता फास्ट फूड की ठेल लगाते हैं। मंगलवार रात 10 बजे नगर निगम की टीम पहुंची थी। टीम ने ठेलें हटवानी शुरू कीं। उस समय बड़ी संख्या में लोग भी मौजूद थे। इस पर विक्रेता और कर्मचारियों में विवाद होने लगा। विक्रेताओं का आरोप है कि टीम सिर्फ ठेल वालों पर कार्रवाई कर रही थी। मोहलत मांगने पर अभद्रता की गई। इस पर हंगामा होने लगा।
पुलिस पहुंची तब विवाद शांत हो सका। नगर निगम कर्मचारियों का कहना है कि विक्रेताओं ने उनसे अभद्रता की है। थानाध्यक्ष लोहामंडी का कहना है कि दोनों पक्षों ने अभद्रता और मारपीट के आरोप लगाए हैं। मामले में जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
