सिविल लाइन थाना क्षेत्र के तोड़ा गांव में रविवार रात संदिग्ध परिस्थितियों में 35 वर्षीय युवक का शव घर के अंदर फांसी के फंदे पर लटका मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक के परिजनों ने इसे आत्महत्या मानने से इनकार करते हुए प्रेम प्रसंग के चलते हत्या किए जाने का आरोप लगाया है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है।

तोड़ा गांव निवासी आनंद राजपूत (35) का शव सोमवार सुबह घर के अंदर फंदे से लटका मिला। आरोप है कि रविवार रात जब आनंद घर में सो रहा था, तभी 5 से 6 लोग घर में घुस आए और उसकी हत्या कर शव को फंदे पर लटका दिया, ताकि मामला आत्महत्या का प्रतीत हो। घटना की जानकारी होने पर मृतक की पत्नी आशिकी ने शोर मचाया, जिसके बाद आसपास रहने वाले परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंच गए।मृतक के भाई प्रीतम ने बताया कि आनंद को गंभीर हालत में जिला अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टर ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

परिजनों का आरोप है कि आनंद की पत्नी का गांव के ही एक युवक से कई वर्षों से प्रेम प्रसंग चल रहा था। इस संबंध में पहले भी विवाद हो चुका था और आनंद और उसकी पत्नी की ओर से पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई थी। परिजनों का कहना है कि इसी रंजिश के चलते आनंद की हत्या की गई है। उन्होंने मामले में आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। बताया गया कि आनंद प्लॉटिंग का कार्य करता था और एक ईंट-भट्ठे में पार्टनर के रूप में भी काम कर परिवार का भरण-पोषण कर रहा था। उसकी मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। वह अपने पीछे पत्नी आशिकी, बेटी छवि, बेटा अभी और बेटी दुर्गा को छोड़ गया है। पुलिस पत्नी को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *