आटा (उरई)। परासन के मजरा मोहरदेवी में 24 सितंबर को झुलसी महिला ने इलाज के लिए सैफई ले जाते समय दम तोड़ दिया। मौत से सामने आए वीडियो में महिला ने आरोप लगाया कि उसे कमरे में बंद कर पेट्रोल डालकर आग लगाई गई। उसने बताया कि आग लगने के दौरान उसके बच्चे बाहर से अपने पिता से मां को बचाने की गुहार लगाते रहे।

हमीरपुर जिले के कुरारा थाना क्षेत्र के पडुई गांव निवासी सत्यनारायण ने बताया कि उसकी बहन रामश्री (32) की शादी आटा थाना क्षेत्र के परासन गांव के मजरा मोहरदेवी निवासी अजय से हुई थी। भाई का आरोप है कि शादी के बाद से ही पति अजय और ससुर जोधा उसे प्रताड़ित करते थे। सत्यनारायण के मुताबिक 24 सितंबर को रामश्री को कमरे में बंद कर डीजल डालकर आग लगा दी गई। घर से धुआं उठता देखकर आसपास के लोग पहुंचे और उसे कमरे से बाहर निकाला।

गंभीर रूप से झुलसी रामश्री को मेडिकल कॉलेज उरई में भर्ती कराया गया। हालत में सुधार न होने पर झांसी और फिर कानपुर ले जाया गया। इलाज के दौरान होश में आई रामश्री का वीडियो सामने आया है। इसमें वह कहती सुनाई दे रही हैं कि उसे कमरे में बंद कर पेट्रोल डालकर आग लगाई गई। उसके मुताबिक, आग लगने के दौरान बच्चे बाहर से अपने पिता से उसे बचाने की गुहार लगाते रहे। वीडियो सामने आने के बाद परिजनों ने मामले की निष्पक्ष जांच और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

कानपुर में हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने रामश्री को सैफई रेफर कर दिया। परिजन उसे सैफई लेकर जा रहे थे, तभी रास्ते में उसकी मौत हो गई। सैफई पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर मिलते ही बेटे राजा और बेटियां रागिनी व क्षमा का रो-रोकर बुरा हाल है। आटा थाना प्रभारी अभिलाष मिश्रा ने बताया कि घटना के संबंध में अभी तक तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलने के बाद मामले की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। महिला बोली – पति से ससुर कह रहे थे कि जला दो कुछ नहीं होगा

वायरल वीडियो में महिला कह रही है कि विवाद के बाद पति ने उसे कमरे में बंद कर लिया। ससुर समझाने के बजाय पति को उकसा रहे थे कि जला दो कुछ नहीं होगा। आरोप है कि तभी कमरे में पति ने उसके ऊपर डीजल डालकर आग लगा दी, इससे वह झुलस गई, वह चिल्लाती रही, लेकिन इसके बाद भी किसी का दिल नहीं पसीजा। बच्चे भी मां को बचाने की गुहार लगाते रहे, लेकिन किसी ने नहीं सुनी।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *